
लखनऊ. बसपा सुप्रीमो मायावती ने भीम सेना (भीम आर्मी) और बहुजन युवा जैसे संगठनों को विपक्ष की कठपुतली बताते हुए इन्हें बसपा विरोधी करार दिया है। मायावती ने कहा कि भीम आर्मी जैसे संगठन उत्तर प्रदेश के भोले-भाले लोगों को बहका रहे हैं। ऐसे तत्व और संगठन बसपा के बढ़ते मूवमेंट की राह में बड़ा रोड़ा हैं।
मायावती ने कहा कि हमें पता चला है मिशन 2019 के लिए भीम सेना जैसे अन्य संगठन कहते फिर रहे हैं कि बहन जी देश की अगली प्रधानमंत्री हैं। हकीकत में यह लोग पर्दे के पीछे विपक्ष की कठपुतली बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि इन संगठनों के बहकावे में आकर उत्तर प्रदेश के लोग न तो इन्हें चंदा देंगे और न ही इनके कार्यक्रमों में शामिल होंगे। बसपा सभी धर्मों और जातियों की पार्टी है।
बीते दिनों मुजफ्फरनगर के साथ ही बागपत व शामली में भीम आर्मी के चंद्रशेखर ने प्रधानमंत्री पद के लिए मायावती के समर्थन की बात कही थी। इसी से नाराज होकर मायावती ने शनिवार को प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि भीम आर्मी जैसे संगठन के लिए बसपा की राह में रोड़ा हैं।
भोले-भाले लोगों को बहका रहे हैं
बसपा समर्थकों और वोटरों को भीम आर्मी जैसे संगठनों से सावधान करते हुए मायावती ने कहा कि लोकसभा चुनाव में लाभ लेने के लिये भीम आर्मी जैसे संगठन बसपा से नजदीकियां बनाने के प्रयास में लगे हैं। विरोधी पार्टी के इशारे पर यह संगठन भोले-भाले लोगों को बहका रहे हैं।