
बागपत. Chaudhary Ajit Singh Death: राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) प्रमुख चौधरी अजित सिंह का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वह कोरोना से संक्रमित थे। मंगलवार रात अचानक उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी तबीयत लगातार गिर रही थी और हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। जिसके बाद अब उन्होंने दम तोड़ दिया। डाक्टरों के मुताबिक चौधरी अजित सिंह के फेफड़ों में संक्रमण बढ़ने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी और दवाओं से कोई सुधार नहीं हो पाया। वहीं चौधरी अजित सिंह की मौत की खबर आते ही रालोद कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। देश के सभी राजनीतिक दिग्गज चौधरी अजित सिंह की मौत से स्तब्ध हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। आपको बता दें कि चौधरी अजित सिंह की उम्र 86 वर्ष थी और वह एक दिग्गज राजनीतिज्ञ थे। चौधरी अजित सिंह 7 बार सांसद, केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं।
वहीं चौधरी अजित सिंह के निधन पर उनके बेटे जयंत चौधरी ने कहा कि दुख और महामारी के काल में हमारी प्रार्थना है कि अपना पूरा ध्यान रखें, संभव हो तो घर में रहें और सावधानी जरूर बरतें। इससे देश में सेवा कर रहे डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी मदद मिलेगी। ये चौधरी साहब को आपकी सच्चा श्रदांजलि होगी।
आपको बता दें कि अजित सिंह पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे थे। चौधरी अजित सिंह ने साल 1986 से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। 1986 में वह राज्यसभा भेजे गए थे। 1987 से 1988 तक लोकदल (ए) और जनता पार्टी के अध्यक्ष पद भूमिका निभाई। 1989 में अपनी पार्टी का विलय जनता दल में कर दिया। अजित सिंह 6 बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा सांसद रहे। इसके अलावा 4 प्रधानमंत्रियो की कैबिनेट में मंत्री भी रहे।