
लखनऊ. ईवीएम और वीवीपैट को लेकर फैलाई जा रही अफवाह के बाद राजनीतिक दलों में हड़कंप मचा हुआ है। बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता अलग-अलग जिलों में ईवीएम और वीवीपैट को सुरक्षित रखने वाले स्ट्रॉंग रूम के बाहर रखवाली करने में जुटे हैं। वहीं इसको लेकर समाजवादी पार्टी का एक डेलिगेशन भी मंगलवार को निर्वाचन आयोग से मिलने पहुंचा। यह सब देख मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने लखनऊ में प्रेस वार्ता कर ईवीएम से छेड़छाड़ की बात को पूरी तरह से गलत ठहराया है। उन्होंने कहा कि ईवीएम व वीवीपैट को लेकर जो अफवाह फैलाई जा रही है, वह गलत है। लोग गलतफहमी के चलते विरोध पर उतर आए हैं।
गाजीपुर में महागठबंधन के प्रत्याशी अफजाल अंसारी द्वारा लगाए गए ईवीएम में गड़बड़ी वाले आरोप पर उन्होंने कहा कि वहां के प्रत्याशी के सवालो को सुलझा लिया गया है। 3 से 5 लोगों को स्ट्रांग रूम के बाहर बैठाने की उनकी मांग को भी डीएम ने मान लिया गया है। जिसके बाद मामला शांत है। वहीं उन्होंने कहा चंदौली में अनयूज़्ड ईवीएम लाई गई थीं, जिसका लोगों ने विरोध किया। इसको देखते हुए लोगों की मांग पर उन्हें अलग रखने का इंतजाम किया गया है। झांसी में भी 29 अप्रैल को अनयूज़्ड ईवीएम को लेकर ही विरोध किया गया था।
एक्सट्रा ईवीएम को बाहर लाए जाने पर हुआ था विरोध-
डुमरियागंज में लोगों द्वारा विरोध को लेकर उन्होंने स्पष्टीकरण दिया और कहा कि वहां एक्सट्रा ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को बाहर लाया जा रहा था, जिसका लोगों ने गलतफहमी के चलते विरोध किया। लेकिन लोगों को स्थिति से अवगत कराया गया और वहं भी स्थिति नियंत्रण में है।
मशीनों से छेड़छाड़ की बात गलत-
वेंकटेश्वर लू ने बताया कि मशीनों से छेड़छाड़ की बात पूरी तरह से गलत है। सभी 75 जिलों में ईवीएम और वीपीपैट को भारी सुरक्षा व्यस्था में रखा गया है। लोग गलतफहमी के चलते विरोध कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया से भी अपील करते हुए कहा कि सभी सही तथ्यों के साथ खबरें प्रकशित करें।