
यूपी MLC वोटिंग के बीच फूट-फूटकर रोए सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल (PC: ANI)
UP MLC Elections 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की 11 सीटों पर शुक्रवार को चल रहे मतदान के बीच सियासी माहौल अचानक से गरमा गया। आगरा से समाजवादी पार्टी के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल वोटिंग के दौरान कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने प्रशासन और सत्ताधारी दल पर बूथ कैप्चरिंग और परिवार को परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस दौरान उन्होंने धर्म परिवर्तन करने तक की चेतावनी दे डाली। सिलसिलेवार जानिए क्या है पूरा मामला।
सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने रोते हुए मीडिया से कहा कि, "मैं अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह में अपना धर्म परिवर्तन कराऊंगा। उन्होंने कहा कि मुझे अब हार जीत से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने एक अधिकारी का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकारी ने मुझसे कहा कि आप एमएलसी प्रत्याशी ही तो हो खुदा तो नहीं हो। इस पर मैंने उस अधिकारी से कहा कि मैंने अब अपना खुदा ही बदल लिया है।"
आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि 12 जिलों में उनके प्रबंधकों समर्थकों और परिवार को लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन जब चाहे किसी को भी उठा लेता है गालियां देता है। उन्होंने आगे कहा कि मुझे वाकई ऐसा महसूस होने लगा है कि मैं पाकिस्तान से आया हुआ कोई आतंकवादी हूं। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग चाहें तो मुझ पर ड्रग्स या हथियार रखकर भी मुझे जेल भिजवा सकते हैं। मुझे आजीवन कारावास दे दिया जाए बस मेरे समर्थकों को छोड़ दिया जाए।
आकाश ने प्रशासन और सत्ताधारी दल के इशारे पर खुलेआम बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि खेरागढ़ के बूथ नंबर 20 को प्रत्याशी के भतीजे ने लूट लिया और उन्होंने इसका वीडियो कमिश्नर को भेज दिया है। उन्होंने छाता के बूथ नंबर 40 और एक अन्य बूथ नंबर 10 पर भी BJP प्रत्याशी द्वारा कैप्चरिंग की कोशिश का आरोप लगाया।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की कुल 11 सीटों पर आज (23 अक्टूबर, 2026) 4 बजे तक मतदान किया गया। इन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स, वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा डिवीजन ग्रेजुएट्स, मेरठ डिवीजन ग्रेजुएट्स और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट शामिल हैं। अब मतगणना के बाद 27 अक्तूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
Updated on:
23 Oct 2026, 6:57 PM IST
Published on:
23 Oct 2026, 6:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.