Live

Uttar Pradesh MLC Election 2026 Live Updates: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। इनमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। 72 जिलों में 2697 मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जहां 14.81 लाख पंजीकृत मतदाता 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। वोटिंग शाम 4 बजे तक चलेगी।
सुबह से ही गोरखपुर, प्रयागराज समेत कई जिलों में मतदाताओं की भीड़ उमड़ रही है। सैफई में सपा नेता रामगोपाल यादव, उनके बेटे व सांसद अक्षय यादव और बहू डॉ. ऋचा ने मतदान किया। वहीं मछलीशहर से सपा विधायक रागिनी सोनकर ने वाराणसी में वोट डालने के बाद आरोप लगाया कि DIOS स्कूलों की मान्यता रद्द करने और शिक्षकों की नौकरी खाने की धमकी दे रहे हैं।
अलीगढ़ में भाजपा प्रत्याशी के एजेंट बनकर पहुंचे दो युवकों को पकड़ा गया। लखनऊ में सपा ने उत्तर विधानसभा के बूथ नंबर 186 पर वोटर लिस्ट से 50 नाम कटने का आरोप लगाया है। अयोध्या में बूथ एजेंट मतदान से पहले मतदाताओं के पैर छूते नजर आए।
मतदान के दौरान शराब की दुकानें बंद रहेंगी, जबकि मतदाता कर्मचारियों और शिक्षकों को वोट डालने के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश दिया गया है। पल-पल की अपडेट के लिए जुड़े रहें हमारे साथ…
23 Oct 2026, 1:11 PM IST
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और विधायक शिवपाल सिंह यादव ने विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक चुनाव में बड़ी जीत का दावा किया है। इटावा में उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है और सपा के दोनों प्रत्याशी शानदार जीत दर्ज करने जा रहे हैं। दोपहर करीब 12 बजे सैफई के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर पत्नी सरला यादव के साथ मतदान करने पहुंचे शिवपाल ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और कुछ मतदाताओं के वोट न पड़ पाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जहां भी गड़बड़ी हुई है, वहां जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
23 Oct 2026, 1:05 PM IST
उत्तर प्रदेश के MLC चुनाव में आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मतदान करेंगे। इसके लिए वे लखनऊ स्थित लोहिया ट्रस्ट से अपने पैतृक गांव सैफई के लिए निकल चुके हैं।
23 Oct 2026, 12:52 PM IST
यूपी एमएलसी चुनाव के दौरान फतेहपुर में बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, "लगता है चुनाव आयोग को नींद की गोली खिलाकर, एमएलसी चुनाव के मतदान केंद्र पर, ये भाजपाई और उनके संगी-साथी फतेहपुर में बूथ लूटने आए हैं। आज चुनाव आयोग का अवकाश का दिन है क्या? चुनाव आयोग से कोई अपील नहीं क्योंकि अपील उससे की जाती है जिससे कोई उम्मीद हो। हम पूरे प्रदेश में ऐसे वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं व इनके आधार पर चुनाव व्यवस्था में घपलाकर रहे अधिकारियों पर एफ़आइआर करवाएंगे चाहे वो चुनाव आयोग के अधिकारी-कर्मचारी हों या उप्र प्रशासन के।"
23 Oct 2026, 12:42 PM IST
अलीगढ़ में एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार और SSP नीरज कुमार ने खुद मैदान में उतरकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। एसएसपी के मुताबिक, जिले के 37 मतदान केंद्रों और 67 बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और फिलहाल मतदान पूरी तरह सुचारू रूप से चल रहा है।
23 Oct 2026, 12:14 PM IST
MLC चुनाव को लेकर मंत्री दानिश आजाद ने दावा करते हुए कहा कि, भाजपा इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। सपा पर निशाना साधते हुए आजाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपनी हार को पहले ही भांप चुकी है, इसीलिए वह हार का ठीकरा फोड़ने के लिए अभी से बहाने तैयार कर रही है।
23 Oct 2026, 12:01 PM IST
मैनपुरी के बेवर (बूथ 161) में पीठासीन अधिकारी की मौजूदगी में बिना आईडी जांच के सिर्फ पर्ची से वोट डलवाने और वोट डंपिंग का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत है कि भाजपा से जुड़े लोग इस प्रक्रिया में शामिल हैं, जिसके बाद चुनाव आयोग से तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
23 Oct 2026, 11:31 AM IST
गोरखपुर के डीएवी डिग्री कॉलेज बूथ पर मतदान के बाद सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी के बाहर निकलने पर भाजपा के बूथ एजेंटों ने विरोध जताया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मतदान स्थल के अंदर बयान देने और कॉलेज के मुख्य गेट के ठीक बाहर टेंट लगाने को लेकर विरोध किया गया।