लखनऊ

दिल्ली पहुंचे सीएम, कई विधायकों और मंत्रियों का भी राजधानी में डेरा, राजनैतिक हलचल तेज

Cabinet Expansion:कैबिनेट विस्तार और फेरबदल की संभावनाओं के बीच सीएम धामी कल दिल्ली पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि कई विधायक और मंत्री भी देश की राजधानी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। जल्द ही राज्य में कैबिनेट विस्तार और फेरबदल के आसार नजर आ रहे हैं।
2 min read
Mar 19, 2025
Amid discussions of cabinet expansion in Uttarakhand, CM has reached Delhi
पुष्कर सिंह धामी, सीएम उत्तराखंड

Cabinet Expansion:कैबिनेट विस्तार और फेरबदल की संभावनाओं के बीच उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को दिल्ली पहुंच गए। बताया जा रहा है कि वह गुरुवार को वापस देहरादून लौटेंगे। माना जा रहा है कि अपने दिल्ली दौरे के दौरान वह आज कैबिनेट विस्तार को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। उधर, संसद सत्र चलने के कारण उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट पहले से ही दिल्ली में हैं। विधानसभा में बजट सत्र के दौरान विवादित टिप्पणी के चलते संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को इस्तीफा देना पड़ा था। ऐसे में उत्तराखंड कैबिनेट में खाली चल रहे पदों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। बताया जा रहा है कि जल्द ही धामी कैबिनेट का विस्तार किया जा सकता है। चर्चा यह भी कि नए चेहरों के ऐलान के साथ एक-दो मंत्रियों को जिम्मेदारी से मुक्त भी किया जा सकता है। ऐसे में कुछ मंत्रियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। वहीं दूसरी ओर मंत्री पद के प्रबल दावेदार विधायकों में भी कैबिनेट विस्तार को लेकर उत्सुकता का माहौल है। कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच उत्तराखंड के कई विधायक और मंत्री दिल्ली पहुंचे हुए हैं। हालांकि ये भी बताया जा रहा है कि ये नेता केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे के शादी समारोह में शामिल होने गए हैं।

ये विधायक हैं मंत्री पद के दावेदार

उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच मंत्री पद के संभावित दावेदारों के नाम भी सामने आने लगे हैं। चर्चा है कि हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान और प्रदीप बत्रा में से किसी एक को मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं नैनीताल से विधायक बंशीधर भगत और राम सिंह कैड़ा के नाम की चर्चाएं हैं। देहरादून से विनोद चमोली, मुन्ना सिंह चौहान और सहदेव पुंडीर, टिहरी के देवप्रयाग से विनोद कंडारी और पिथौरागढ़ से विशन सिंह चुफाल भी मंत्री पद के प्रबल दावेदारों में गिने जा रहे हैं।

Updated on:
19 Mar 2025 07:10 am
Published on:
19 Mar 2025 07:10 am