
लखनऊ. लोकसभा चुनाव में फतह लहराने के बाद प्रदेश की 12 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव (by election) के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत भाजपा ने अपने मंत्रियों के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में भाजपा मुख्यालय में बैठक हुई। बैठक में कई मंत्रियों के साथ प्रदेश के पदाधिकारी भी शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश में होने वाले १२ विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए सीएम योगी ने जिम्मेदारी सौंपी। एक-एक मंत्री और संगठन के एक-एक प्रदेश पदाधिकारी को लगाकर अभी से चुनावी तैयारियां शुरू करने का फैसला किया गया। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को आजम खां के गढ़ रामपुर में तो उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य को कानपुर की गोविंदनगर सीट जीतने की जिम्मेदारी सौंपी दी गई है। वहीं लखनऊ कैंट की सीट का जिम्मा मंत्री आशुतोष टंडन को दिया है। कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक को बसपा का गढ़ समझे जाने वाले अंबेडकर नगर की जलालपुर सीट का जिम्मा सौंपा गया है। यहां से बसपा के रितेश पाण्डेय विधायक थे। जो अब सांसद हैं।
सीएम योगी ने कहा कि जिन स्थानों पर पार्टी के मौजूदा विधायकों के सांसद चुने जाने के कारण उपचुनाव हो रहा है वहां उन विधायकों का भी बतौर सांसद उपयोग किया जाए। इस दौरान रामपुर और जलालपुर में आसपास के सांसद को लगाने की योजना बनी। रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया और प्रमोद तिवारी जैसे बड़े नेताओं के प्रभाव वाले क्षेत्र प्रतापगढ़ की जिम्मेदारी स्वतंत्र देव सिंह को दी है।
इनको मिली ये जिम्मेदारी
कैबिनेट मंत्रियों व पदाधिकारियों में राजधानी की कैंट सीट पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन व विद्यासागर सोनकर, फिरोजाबाद की टूंडला सीट पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा व बी.एल. वर्मा, बाराबंकी की जैदपुर सीट पर दारा सिंह चौहान व गोविंद नारायण शुक्ल, स्वतंत्र प्रभार मंत्रियों व पदाधिकारियों में सहारनपुर की गंगोह सीट पर पंचायतीराज मंत्री भूपेन्द्र चौधरी व वाईपी सिंह, अलीगढ़ की इगलास सीट पर गन्ना मंत्री सुरेश राणा व पुरुषोत्तम खंडेलवाल, चित्रकूट की मानिकपुर सीट पर ग्राम्य विकास मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह व प्रकाश पाल, हमीरपुर सीट पर रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह व अशोक कटारिया, प्रतापगढ़ सीट पर स्वतंत्र देव सिंह व त्रयंबक त्रिपाठी को लगाया गया है।
वहीं बहराइच की बलहा सीट पर कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री व स्वतंत्र प्रभार मंत्री उपेन्द्र तिवारी को जिम्मेदारी दी गई है। इनके साथ अनूप गुप्त को भी वहां लगाया गया है। कानपुर में गोविंद नगर सीट पर उप मुख्यमंत्री मौर्य के साथ पार्टी की पदाधिकारी रंजना उपाध्याय, रामपुर में डॉ. शर्मा के साथ पार्टी पदाधिकारी देवेन्द्र चौधरी, जलालपुर में पाठक के साथ पार्टी पदाधिकारी संतोष सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस 12 विधानसभा सीटों पर होने है उपचुनाव
-लखनऊ कैंट विधानसभा सीट- रीता बहुगुणा जोशी (इलाहाबाद से सांसद बनीं)
-कानपुर की गोविंदनगर विधानसभा सीट- सत्यदेव पचौरी (कानपुर से सांसद बने)
-फिरोजाबाद की टूंडला विधानसभा सीट- एसपी सिंह बघेल (आगरा से सांसद बने)
-बाराबंकी की जैदपुर विधानसभा सीट- उपेंद्र सिंह रावत (बाराबंकी लोकसभा सीट से सांसद बने)
-चित्रकूट की मानिकपुर विधानसभा सीट- आरके पटेल (बांदा लोकसभा सीट से सांसद बने)
-बहराइच की बलहा विधानसभा सीट- अक्षयवार लाल गौंड (बहराइच लोकसभा का चुनाव जीत गए हैं)
-सहारनपुर की गंगोह विधानसभा सीट- प्रदीप चौधरी (कैराना लोकसभा सीट से बने सांसद)
-अलीगढ़ की इगलास विधानसभा सीट- राजवीर बाल्मीकि (हाथरस लोकसभा सीट से बने सांसद)
-प्रतापगढ़ विधानसभा सीट- संगमलाल गुप्त (प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से सांसद बने)
-जलालपुर विधानसभा सीट- रितेश पांडेय (अंबेडकरनगर लोकसभा सीट से सांसद बने)
-रामपुर विधानसभा सीट- आजम खां (रामपुर लोकसभा सीट से सांसद बने)