लखनऊ

सीएम योगी आदित्यनाथ बोले- अब गले में तख्ती डालकर अपराधी मांगते हैं जान की भीख

CM Yogi Aditya Nath News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली में प्रबुद्धजनों से अपील करते हुए कहा कि कैराना में पहले चरण में मतदान है, इसके लिए अभी से तैयार हो जाएं। इस बार कैराना लोकसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत को 80 से 90 तक ले जाना है।

2 min read
Mar 28, 2024
CM Yogi Aditya Nath News

CM Yogi Aditya Nath News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल होने शामली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि साल 2017 से पहले शामली में पलायन होता था। व्यापारी और आम लोग पलायन करते थे। अब अपराधी पलायन करता है। पहले बेटी और व्यापारी गुहार लगाते थे कोई सुनवाई नहीं होती थी, अब अपराधी गले में तख्ती लटकाकर कहता है कि जान बख्श दो, ठेला लगाकर गुजर- बसर कर लेंगे, मगर किसी को छेड़ेंगे नहीं।

मुख्यमंत्री गुरुवार को यहां स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित प्रबुद्धवर्ग सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र ने सबको समान मताधिकार दिया गया है। एक वोट हर वयस्क नागरिक का अधिकार है। इस एक वोट की कीमत क्या होती है, कैराना वासियों से बेहतर कोई नहीं जानता। यह वोट जब गलत हाथों में जाता है तो कैराना में पलायन होता है और कर्फ्यू लगता है, मगर सही हाथों में जाता है तो विकास तेज रफ्तार से आगे बढ़ता है। इस दौरान सीएम योगी ने भाजपा-लोकदल के संयुक्त प्रत्याशी प्रदीप चौधरी के पक्ष में मतदान के लिए प्रबुद्धजनों से संवाद किया।

देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पौराणिक एवं ऐतिहासिक धरा ने इतिहास में अनेक उतार- चढ़ाव देखे हैं। दस साल पहले भारत के पासपोर्ट की दुनिया में कोई कीमत नहीं थी, मगर आज आप दुनिया में कहीं भी जाएंगे तो वहां आपको सम्मान मिलेगा। आज देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। आतंकवाद और उग्रवाद नियंत्रण में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही में किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न प्राप्त हुआ है। यही विरासत का सम्मान है। लंबे समय तक उन्होंने किसानों, दबे कुचलों, समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों के लिए अपनी आवाज बुलंद की। किसानों के लिए देश की सरकारों को झकझोरा था। चौधरी साहब के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश के 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि दी गई। यह चौधरी साहब के सपनों का ही सम्मान है।

सीएम योगी ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में देश में बड़े-बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के कार्य हो रहे हैं। हाईवे, रेलवे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, शाकंभरी विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है।

Also Read
View All