मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को छात्र-छात्राओं के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत की। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत उन्होंने कार्यक्रम में 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट बांटे। लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने पिछली सपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय बच्चों को योजनाओं का लाभ धर्म देखकर दिया जाता था। उनके मुताबिक, हिंदू बच्चों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था, जबकि मुस्लिम बच्चों को हर योजना का लाभ दिया जाता था।