लखनऊ

CM योगी ने सपा पर किया पलटवार, बोले- 30 लाख नौकरी देने का वादा करने वाले बताएं, सत्ता में क्या किया; 1594 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र

CM Yogi Adityanath: सीएम योगी आदित्यनाथ ने 1594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान उन्होंने सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा- दोनों पार्टियों ने मिलकर जितनी नौकरियां दीं, उससे दोगुने नियुक्ति पत्र उन्होंने अकेले बांट दिए हैं।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 12:39 PM IST
CM Yogi Adityanath, CM Yogi UPSSSC Appointment Letters, UP Politisc
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। (फोटो-IANS)

CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में 1,594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से चयनित इन युवाओं में 201 लेखा परीक्षक (ऑडिटर) और 1,393 सहायक लेखाकार (असिस्टेंट अकाउंटेंट) शामिल हैं, जिन्हें आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में तैनाती मिलेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और बसपा को भी जमकर घेरा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने अपने पूरे शासनकाल में मिलकर जितनी नौकरियां नहीं दीं, उससे दोगुने नियुक्ति पत्र उनकी सरकार ने अकेले बांट दिए हैं। इसके साथ ही सीएम योगी शुक्रवार को गोंडा में चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट भी वितरित करेंगे।

अगले सप्ताह 50 हजार से ज्यादा पदों पर नियुक्ति पत्र देने का ऐलान

भर्ती प्रक्रिया की रफ्तार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह प्रदेश में 8 हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और 2 हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। सीएम योगी ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि साल 1947 के बाद लंबे समय तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही और इसके बाद सपा और बसपा ने सात बार सरकार बनाई, लेकिन इन सभी के कार्यकाल में कुल मिलाकर जितने नियुक्ति पत्र नहीं बांटे गए, उससे दोगुने उनकी सरकार दे चुकी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की इस रफ्तार और नियुक्तियों की संख्या को सैफई सिंडिकेट पचा नहीं पाएगा, क्योंकि वहां नोट गिनने के अलावा कोई काम नहीं होता था।

'सपा के 30 लाख नौकरियों के वादे पर नौजवान पूछ रहे हिसाब'

समाजवादी पार्टी द्वारा 30 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देने के चुनावी वादे पर सवाल उठाते हुए सीएम योगी ने कहा कि उन्हें यह भी बताना चाहिए कि जब वे सत्ता में थे, तब उन्होंने क्या किया था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का नौजवान उनसे यही सवाल पूछ रहा है कि सरकार में रहते हुए आपने क्या किया और अब क्या करोगे? साल 2017 से पहले के हालात याद दिलाते हुए सीएम योगी ने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था। रोजगार के अभाव में युवा पलायन करने को मजबूर थे, किसान आत्महत्या कर रहे थे और बेटियां भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में भर्ती और विकास पर परिवारवाद तथा भ्रष्टाचार हावी था।

चाचा-भतीजे की जोड़ी पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उस समय चाचा भतीजे की जोड़ी भ्रष्टाचार में लिप्त रहती थी। सरकारी नौकरियों से लेकर विकास योजनाओं तक में आम जनता के हितों की अनदेखी की जाती थी। पहले सैफई का परिवार नौकरी खा जाता था, जबकि आज पूरी तरह पारदर्शी व्यवस्था के तहत योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के नौकरी मिल रही है।

कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर थी और हालात ऐसे थे कि वन डिस्ट्रिक्ट वन गुंडा का माहौल बन गया था। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि उस दौर में लोग कहते थे कि देख सपाई बिटिया घबराई। योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के पास विकास का कोई विजन नहीं था और विकास के लिए आने वाला पैसा चाचा भतीजे की जोड़ी लूट लेती थी।

Updated on:
27 Nov 2026, 12:39 PM IST
Published on: