27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Uttar Pradesh / Lucknow / ‘मैं अपनी जान भी कुर्बान कर दूं’, इमरान मसूद बोले- 26 सीट आपने हमें दी, ये आपको मुबारक, इनका नतीजा आप ही उठा लीजिए

‘मैं अपनी जान भी कुर्बान कर दूं’, इमरान मसूद बोले- 26 सीट आपने हमें दी, ये आपको मुबारक, इनका नतीजा आप ही उठा लीजिए

UP Election 2027: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा की ओर से 26 सीटें दिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसी सीटें मिलनी चाहिए, जहां पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ सके। 26 सीटों पर उन्होंने कहा कि ये आपको मुबारक।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Ankit Sai

•

Updated: 27 Nov 2026, 11:58 AM IST

Imran Masood

सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद (Photo ANI)

SP Congress Alliance: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी की मजबूती और तरक्की के लिए अपनी जान भी कुर्बान कर सकते हैं, लेकिन अपनी पार्टी के हितों से समझौता नहीं करेंगे। मसूद ने आरोप लगाया कि उन्हें घेरकर विलेन साबित करने की कोशिश की जा रही है, जबकि वह सिर्फ कांग्रेस के लिए सीटों की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सपा की ओर से दी गई 26 सीटों पर भी सवाल उठाते हुए कहाकि 26 सीट आपने हमें दी हैं, इनका नतीजा आप उठा लीजिए, ये जो आप हमें दे रहे हैं, हम इसका क्या करेंगे, आपको मुबारक। मसूद ने 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि मुसलमानों ने एकतरफा कांग्रेस को वोट दिया था, फिर भी पार्टी चुनाव नहीं जीत सकी।

उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने की पूरी जिम्मेदारी सिर्फ कांग्रेस की नहीं है, बल्कि सपा को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। मसूद ने साफ किया कि कांग्रेस गठबंधन के लिए तैयार है, लेकिन सीटों की संख्या के साथ उनकी जीतने की संभावना और गुणवत्ता भी मायने रखती है।

37 सीटों की जीत में राहुल गांधी का भी योगदान- इमरान मसूद

सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही बातचीत में इमरान मसूद के बयान ने हलचल बढ़ा दी है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली 37 सीटों की जीत में राहुल गांधी की भी अहम भूमिका थी। उन्होंने माना कि चुनाव में सपा का योगदान रहा, लेकिन कांग्रेस की भूमिका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मसूद ने कहा कि राहुल गांधी की वजह से आप (सपा) 37 सीटें जीतने में कामयाब रहे। हम यह नहीं कह रहे कि आपका योगदान नहीं था, लेकिन हमारा भी योगदान था। हमने बड़ा दिल दिखाया, लेकिन क्या हर बार बड़ा दिल हमें ही दिखाना होगा? क्या आप थोड़ी उदारता नहीं दिखा सकते।

'जीरो सीट देंगे तो नतीजा भी जीरो होगा'

इमरान मसूद ने सीट बंटवारे को लेकर सपा के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को शून्य सीटें मिलेंगी तो नतीजा भी शून्य ही होगा। उन्होंने सपा को उन सीटों पर खुद चुनाव लड़ने की चुनौती दी, जहां कांग्रेस को कमजोर माना जा रहा है।

मसूद का कहना है कि अगर समाजवादी पार्टी को लगता है कि इन सीटों पर उसके उम्मीदवार जीत सकते हैं तो उसे खुद चुनाव लड़कर अपनी ताकत दिखानी चाहिए। उनके इस बयान को सपा पर ज्यादा सीटें देने का दबाव बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस को 105 से ज्यादा सीटों की मांग

कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, इस सवाल पर मसूद ने कहा कि पार्टी की मांग 105 सीटों तक सीमित नहीं है। कांग्रेस इससे ज्यादा सीटें चाहती है। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय भी पार्टी 105 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। मसूद ने कहा कि उस समय कांग्रेस की स्थिति कमजोर थी, लेकिन अब पार्टी का संगठन पहले से मजबूत हुआ है। ऐसे में पार्टी पुरानी संख्या तक खुद को सीमित नहीं रखना चाहती। कांग्रेस नेताओं की ओर से पहले भी यूपी में 100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग सामने आती रही है।