27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Uttar Pradesh / Lucknow / Lucknow Robbery: जिसे अपना समझा, उसी ने लुटवा दिया एक किलो सोना; बस में बैठा था निगरानी करने वाला

Lucknow Robbery: जिसे अपना समझा, उसी ने लुटवा दिया एक किलो सोना; बस में बैठा था निगरानी करने वाला

DRI Employee Arrested: लखनऊ में सराफ से एक किलो सोने की लूट की साजिश उसके परिचितों ने ही रची थी। पुलिस ने सिपाही और डीआरआई कर्मचारी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Imran Sheikh

•

Updated: 27 Nov 2026, 11:32 AM IST

Saraf Loot Case

लखनऊ में सराफ से आभूषणों से भरा बैग लूटने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। (फोटो सोर्स-@lkopolice)

One Kg Gold Loot: लखनऊ में एक सराफ से करीब एक किलो सोना लूटने के मामले में ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने उसे हैरान कर दिया। जिस सराफ और कारीगर पर उसे भरोसा था, उन्हीं ने उसके पास सोना होने की खबर लुटेरों तक पहुंचाई थी। इस साजिश में पुलिसकर्मी और डीआरआई का एक कर्मचारी भी शामिल था। पुलिस ने एक सिपाही और डीआरआई कर्मी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, साजिश में अहम भूमिका निभाने वाला जौनपुर का सिपाही विनय शंकर अब भी फरार है।

जौनपुर में ही बन गई थी लूट की योजना

पुलिस के मुताबिक, सराफ महेंद्र दास जौनपुर में कई कारोबारियों से मिले थे। इस दौरान प्रीतम नाम के सराफ और कारीगर तिलक मांझी को पता चल गया कि महेंद्र करीब एक किलो सोना गलवाकर अपने साथ ले जाने वाले हैं। दोनों ने यह जानकारी जौनपुर में तैनात सिपाही विनय शंकर को दे दी। पुलिस का कहना है कि उन्हें यह भी पता था कि महेंद्र के पास सोने से जुड़े बिल नहीं हैं।

विनय ने इस जानकारी का इस्तेमाल लूट की योजना बनाने में किया। उसने डीआरआई कर्मचारी अविनाश को अपने साथ मिलाया। इसके बाद सिपाही दुर्गेश समेत गिरोह के दूसरे लोग भी योजना में शामिल हो गए।

उसी बस में बैठा था डीआरआई कर्मचारी

महेंद्र जिस बस से लखनऊ आ रहे थे, उसी में अविनाश भी सवार हो गया। वह रास्ते भर महेंद्र पर नजर रखता रहा। दूसरी ओर गिरोह के कुछ लोग कार से बस का पीछा कर रहे थे। लखनऊ पहुंचने पर उनके दूसरे साथी भी इस योजना में शामिल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, खुर्दही के पास बस रुकवाकर महेंद्र को जबरन नीचे उतारा गया और अगवा कर लिया गया। इसके बाद उनसे सोना लूट लिया गया। सोने से भरा बैग लेकर गिरोह के कुछ सदस्य एसयूवी से जौनपुर की ओर निकल गए।

250 कैमरों की फुटेज से पकड़े गए आरोपी

लूट के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। करीब 250 कैमरों की जांच के साथ मोबाइल नंबर और गाड़ियों के नंबरों से आरोपियों का पता लगाया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लूटे गए सोने और गहनों का आपस में बंटवारा कर उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मुख्य आरोपी की तलाश में जुटीं 10 टीमें

पुलिस विनय शंकर, उसके भाई रविशंकर, सागर सेठ और एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। इसके लिए दस टीमें लगाई गई हैं। आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। मामले में शामिल तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की तैयारी है। डीआरआई कर्मचारी के विभाग को भी इसकी जानकारी भेजी जा रही है।

इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठे हैं। वारदात के बाद चार दिन तक मामला सार्वजनिक नहीं किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सराफ की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अब गिरोह के पुराने मामलों की भी जांच कर रही है।