
CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को युवाओं और किसानों को बड़ी सौगात दी। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत हादसों में जान गंवाने या प्रभावित होने वाले किसानों के 4,300 परिवारों को 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता और कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा और शिवपाल यादव को लेकर भी बड़ा तंज कसा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने मशहूर मुन्ना भाई MBBS फिल्म का जिक्र करते हुए कहा कि, उस समय परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे को मिल जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भर्ती प्रक्रिया में बिल्कुल भी पारदर्शिता नहीं थी। योगी ने कहा कि 2017 में जब उनकी सरकार बनी तो पुलिस विभाग में करीब डेढ़ लाख पद खाली पड़े थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है और युवाओं को बिना किसी सिफारिश के नौकरी दी जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलता था जिनके नाम पर जमीन दर्ज होती थी। लेकिन उनकी सरकार ने इसका दायरा बढ़ाते हुए बटाईदार किसानों को भी लाभ देने का फैसला किया है। अब सांप के काटने जंगली जानवरों के हमले और अन्य दुर्घटनाओं में प्रभावित किसानों को भी सरकार की तरफ से पूरी आर्थिक सहायता दी जा रही है।
कार्यक्रम में सीएम योगी ने भर्ती के आंकड़ों को लेकर भी समाजवादी पार्टी पर बड़ा तंज कसा। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में एक लाख से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं और अभी लेखपाल भर्ती की प्रक्रिया भी चल रही है। योगी ने कहा कि उन्होंने विपक्ष से कहा था कि सरकार कितनी नियुक्तियां दे रही है इसकी गिनती कर लें। इसके बाद चुटकी लेते हुए सीएम ने कहा कि अगर गिनती नहीं आती तो शिवपाल यादव को साथ ले लें क्योंकि उन्हें गिनती का अच्छा अनुभव है वह हमेशा गिनती ही करते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी सरकारों ने उत्तर प्रदेश की पहचान का बड़ा संकट खड़ा कर दिया था। पहले प्रदेश में दंगे होते थे कर्फ्यू लगता था और बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं। लेकिन अब कानून व्यवस्था बेहतर हुई है और व्यापार के नए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि यूपी अब बीमारू राज्य नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है।