10 लाख किसानों को खेती के गुर सिखाने के लिए योगी ने शुरू की किसानों की पाठशाला।
लखनऊ. किसानों की आय दो गुनी करने और उन्हें खेती के बेहतर गुर सिखाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर किसानों की पाठशाला (द मिलियन फार्मर्स स्कूल) का उद्घाटन किया। प्रदेश
सरकार का लक्ष्य है कि इस स्कूल के माध्यम से पहले चरण में प्रदेश भर के करीब 10 लाख किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि इसी के साथ सरकार की योजना है कि किसानों को सही समय पर खाद और समय पर बेहतर बीज भी उपलब्ध कराए जाएं। प्रदेश की आर्थिक रीढ़ किसानों पर ही निर्भर करती है।
किसानों को लाभ दिलाने के लिए होगी सीधे खरीद
सीएम योगी बोले-किसानों की सस्याओं का हल सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को ऋण वितरण से लेकर बिजली उपलब्ध कराने तक में सहूलियत दी जा रही है। ऐसे में कोई उन्हें परेशान नहीं कर सकता। किसानों को परेशान करने वालों के खिलाफ सरकार तुरंत कार्रवाई करेगी। इस बात के निर्देश संबन्धित अधिकारियों को दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसी व्यवस्था की है कि किसानों के उत्पाद को अब बिचौलियों के जरिए नहीं खरीदा जाएगा। उनके उपज की खरीद अब सीधे की जाएगी। ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
किसानों के लिए कैसे चलेंगे ये स्कूल
राज्य सरकार की इस योजना के अंतर्गत किसानों को खेती समस्याओं का समाधान जाने माने कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा किया जाएगा। वैज्ञानिक किसानों से सीधे संवाद स्थापित करेंगे और उनकी समस्याओं को दूर करेंगे। पहले चरण
में पाठशाला का आयोजन चयनित न्याय पंचायतों में प्राइमरी स्कूल, जूनियर हाईस्कूल बन्द होने के बाद शाम 4 से 5 बजे तक किया जाएगा। पहले चरण में 5 दिसंबर से 9 दिसंबर तक और दूसरे चरण में 11 दिसंबर से 15 दिसंबर तक चलाया जाएगा ।
ट्रेक्टर की चाभी दी गई सहायता समूहों को
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने स्वयं सेवी 10 सहायता समूहों को ट्रेक्टर की चाभी सौंपी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बदलते वक्त के साथ खेती के तौर तरीकों में भी बदलाव आ गया है। पहले की तरह नहीं, बल्कि अब अत्याधुनिक संयंत्रों से खेती की जा रही है।