
लखनऊ. सीएम योगी शुक्रवार को मथुरा में थे जहां उन्होंने कृष्ण कुटीर आश्रम सदन की शिला पट्टिका का अनावरण किया। वहीं पीएम मोदी व केंद्रीय बाल विकास व महिला कल्याण मंत्री मेनका गांधी के प्रयासों से वृंदावन बने 1000 निराश्रित महिलाओं के लिए भवन का अनावरण किया। साथ ही 346 करोड़ 74 लाख 79 हजार रुपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया है। वहीं उन्होंन ेकहा कि यूपी में पैसे की कमी न पहले थी, न अब है। विकास के लिए सोच की कमी थी, नीयत की कमी थी।
सीएम ने कहा कि आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी और केंद्रीय बाल विकास व महिला कल्याण मंत्री मेनका गांधी के प्रयासों से वृंदावन में 1000 निराश्रित महिलाओं के लिए यह भवन बनकर तैयार हुआ है। यहां नियमित भजन संध्या के कार्यक्रम होंगे।
"ऐसा सांसद चुना है जिनकी देश-दुनिया में कला के क्षेत्र में ख्याति है"
सीएम ने कहा कि यहां के लोग इसलिए भी खुश होंगे क्योंकि उन्होंने ऐसा सांसद चुना है जिनकी देश-दुनिया में कला के क्षेत्र में ख्याति है। जब वृंदावन कला व संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा तो एक नई व अच्छी तस्वीर देखने को मिलेगी।हमारी सरकार ने ब्रज के विकास के लिए एक कार्ययोजना तैयार की है। वृंदावन व उसके आसपास के 7 तीर्थों को चिह्नित करके उनके विकास के लिए तीर्थ स्थल विकास बोर्ड का गठन किया गया है।
सीएम ने दिए निर्देश-
सीएम ने निर्देश दिए कि जो माताएं सदन में आई है उनकी आंखों की नियमित जांच हो, जिनके मोतियाबिंद के आपरेशन होने हैं, उनके लिए स्थानीय प्रशासन को व्यवस्था करनी चाहिए। जनप्रतिनिधिगण भी समय-समय पर आकर यहां की भोजन व अन्य व्यवस्थाओं को देखें और प्रयास करें कि यहां पर कुछ न कुछ बेहतर होता रहे।
महिलाओं को मिलेगी पेंशन-
योगी ने कहा कि हर निराश्रित महिला को हम इस पेंशन योजना से लाभान्वित करने का काम करेंगे। पेंशन के लिए ऑनलाइन सुविधा भी शुरू की गई है। यूपी सरकार ने इस दिशा में कुछ नए कार्यक्रम आगे बढ़ाने के काम किए हैं।महिला हेल्पलाइन 181 और रेस्क्यू वैन के संचालन के कार्य के व्यापक प्रचार-प्रसार की जरूरत है। पेंशन के लिए ऑनलाइन सुविधा भी शुरू की गई है।
दिया जाएगा रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान-
उत्तर प्रदेश सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष का भी गठन किया है। जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान इस योजना का लक्ष्य है। यदि महिलाओं, बेटियों को उचित अवसर प्राप्त हों तो समाज में उनका योगदान विशिष्ट हो सकता है। ऐसा ही निराश्रित महिलाओं के साथ भी है। हमें उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उनके लिए नजरिए को भी बदलने की जरूरत है।
सीएम ने कहा कि मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत सरकार ने इस महिला आश्रय सदन के संचालन के लिए 7.38 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति प्रदान की है। प्रदेश सरकार ने भी 72 लाख रुपये प्रतिवर्ष का प्रावधान अपने बजट में किया है।
346 करोड़ 74 लाख 79 हजार रुपये की योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास-
पिछली सरकारों पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि विकास के लिए पैसा कभी आड़े नहीं आ सकता। उत्तर प्रदेश में पैसे की कमी न पहले थी, न अब है। विकास के लिए सोच की कमी थी, नीयत की कमी थी। जब ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन किया तो तय किया गया कि यहां की कला और आध्यात्मिकता को प्राथमिकता दी जाए। विकास की संस्कृति महत्वपूर्ण है। आज यहां पर 346 करोड़ 74 लाख 79 हजार रुपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। भारत को ब्रज ने जो पहचान दी है, उसे बचाकर रखने की जिम्मेदारी है।