लखनऊ

UP Weather Alert: अगले 48 घंटों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट,पछुआ हवाओं से बढ़ेगी गलन

Cold Wave Alert: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ठंड का असर तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने आज से प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। पहाड़ों से आने वाली सर्द पछुआ हवाओं के कारण तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट और कोहरे की संभावना जताई गई है।

3 min read
Jan 13, 2026
यूपी में फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड, शीतलहर को लेकर अलर्ट (फोटो सोर्स : WhatsApp News Group)

Cold Wave Alert Returns in UP: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौटने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में आज से शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही सर्द पछुआ हवाओं के कारण अगले 48 घंटों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इसके साथ ही कई जिलों में गलन और ठिठुरन बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चल सकती है, जबकि तराई क्षेत्र के 15 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के 23 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है।

पहाड़ों से आ रही सर्द हवाएं बनेंगी ठंड की वजह

लखनऊ मौसम वैज्ञानिक अतुल के मुताबिक, उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं। इन हवाओं को स्थानीय भाषा में पछुआ हवा कहा जाता है, जो तापमान को तेजी से नीचे गिराती हैं और ठंड के साथ गलन बढ़ा देती हैं। कहना है कि रात के तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे सुबह और देर रात के समय ठंड का असर अधिक रहेगा। खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में इसका प्रभाव ज्यादा महसूस किया जा सकता है।

पश्चिमी यूपी में शीतलहर की संभावना

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इनमें प्रमुख रूप से मेरठ,मुजफ्फरनगर,बागपत,शामली,सहारनपुर,बुलंदशहर,गाजियाबाद,हापुड़ शामिल हैं। इन जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे जा सकता है। शीतलहर के दौरान ठंडी हवाओं की गति तेज रहने की संभावना है, जिससे खुले में काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

तराई क्षेत्र के 15 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्र में स्थित 15 जिलों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। तराई के प्रमुख जिले लखीमपुर खीरी,बहराइच,श्रावस्ती,बलरामपुर,सिद्धार्थनगर,महराजगंज,गोंडा,सीतापुर,पीलीभीत,शाहजहांपुर,बाराबंकी,बस्ती,गोरखपुर,कुशीनगर,अयोध्या बताए गए हैं। ऑरेंज अलर्ट का अर्थ है कि मौसम की स्थिति गंभीर हो सकती है और आमजन को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

23 जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा

इसके अलावा प्रदेश के लगभग 23 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है, हालांकि हालात अत्यधिक गंभीर नहीं होंगे। कोहरे के कारण विशेष रूप से स्कूल जाने वाले बच्चों,दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों,वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

जनजीवन पर पड़ सकता है असर

शीतलहर और कोहरे का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे सकता है। ठंड बढ़ने से सुबह और रात के समय लोग घरों में दुबकने को मजबूर होंगे। खुले बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम हो सकती है। दिहाड़ी मजदूरों और खेतों में काम करने वालों को परेशानी हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग की सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने शीतलहर के दौरान लोगों को गर्म कपड़े पहनने,ठंडी हवा से बचने,सुबह-शाम बाहर निकलने से परहेज करने,गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। खासकर हृदय रोग, अस्थमा और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

प्रशासन अलर्ट, राहत व्यवस्था की तैयारी

ठंड और शीतलहर की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। कई जिलों में अलाव जलाने,रैन बसेरों की व्यवस्था,गरीब और जरूरतमंदों को कंबल वितरण जैसी व्यवस्थाएं शुरू की जा रही हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें,वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें। कोहरे में तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं और मौसम से जुड़ी ताज़ा जानकारियों पर नजर बनाए रखें।

ये भी पढ़ें

High Court Notice: मकर संक्रांति पर हाईकोर्ट में अवकाश, 14 जनवरी को इलाहाबाद और लखनऊ बेंच में होगा कार्य

Also Read
View All

अगली खबर