कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद को लेकर शनिवार को पूरे दिन कयासों का बाजार गर्म रहा, लेकिन दिन के अंत तक एक नाम पर मोहर लगा दी गई.
लखनऊ. कांग्रेस (Congress) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद को लेकर शनिवार को पूरे दिन कयासों का बाजार गर्म रहा, लेकिन दिन के अंत तक रायबरेली से सांसद सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के नाम पर मोहर लगा दी गई, हालांकि वो पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष होंगी। आने वाले दिनों में इस पद को लेकर चुनाव भी होंगे। कांग्रेस वर्किंग कमिटि (Congress Working committee) में शनिवार को हुई बैठक में इसका फैसला लिया गया है। इसी के साथ आज राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा भी मंजूर कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के राज्यसभा (Rajyasabha) सांसद पीएल पुनिया (PL Punia) ने एक बयान में इसकी जानकारी दी।
पीएल पुनिया ने कहा यह-
यूपी से राज्यसभा सांसद ने कहा कि पहले राहुल गांधी से अनुरोध किया गया कि वह ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहें, लेकिन वह नहीं मानें। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की राय से राहुल गांधी सहमत नहीं थे। आखिर में यह तय हुआ कि सोनिया गांधी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष होंगी।
25 मई को दिया था इस्तीफा-
राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बुरे नतीजों के बाद अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया था, जिसके बाद से ही उन्होंने मनाने का दौर जारी था, लेकिन वह नैतिकता के तौर पर अपने फैसले पर अडिग रहे।