प्रदर्शन कर जताया विरोध, कार्यकर्ताओं और पुलिस में नोकझोंक।
लखनऊ. महंगाई को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को भाजपा सरकार पर जम कर हमला बोला। राजधानी के माल एवेन्यू पर यूथ कांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने महंगाई को लेकर केंद्र व राज्य सरकार का विरोध करते हुए जमकर कोषा और विरोध प्रदर्शन किया, उसके बाद वे एनेक्सी भवन की तरफ बढऩे लगे तो उन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढऩे दिया और वहीं पर उन्हें रोक दिया।
तब से महंगाई बढ़ती ही जा रही है
महंगाई को लेकर कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब से बीजेपी की सरकार केंद्र में आई है तब से महंगाई बढ़ती ही जा रही है। आज आम आदमी के लिए दो जून की रोटी भी मुश्किल हो गई है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। मोदी सरकार केवल लोगों को सपना दिखा रही थी। चार साल गुजर जाने के बाद भी सरकार ने कुछ ऐसा नहीं किया, इस सरकार में हर तपका परेशान है।
...तो अन्य वस्तुएं भी महंगी होंगी
राजधानी के माल एवेन्यू में यूथ कांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने महंगाई को लेकर केंद्र व राज्य सरकार का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस से उनकी जबरदस्त नोकझोंक भी हुई। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार के समय में डीजल और पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं किसानों को उनके फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल पा रहा है। यह सरकार किसानों के लिए कुछ नहीं कर रही। इस सरकार में किसान, व्यापारी और आमजन परेशान है। किसानों का गेहूं क्रय केंद्रों पर नहीं लिया जा रहा है, बिचौलिए गेहूं को औने-पौने दामों पर खरीद रहे हैं। मोदी और योगी सरकार केवल बात करती है, लेकिन काम नहीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब डीजल महंगा होगा तो अन्य वस्तुएं भी महंगी होंगी।