
लखनऊ. लोकसभा चुनाव (Loksabha Chunav) में मिली हार के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) लगातार बैठक कर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटी हैं। जल्द ही कांग्रेस (Congress) नई प्रदेश कमेटी का ऐलान करेगा। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश में कांग्रेस को नए सिरे से खड़ा करने के लिए रोडमैप तैयार कर किया है। प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा के तत्काल बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाकर सक्रिय कार्यकर्ताओं को चिन्हित किया गया। नई प्रदेश कार्यकारिणी का चयन लगभग पूरा हो चुका है।
यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी की सहमति के बाद इस कार्यकारिणी की घोषणा जल्द कर दी जाएगी। नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के तत्काल बाद जिला व शहर कमेटियां बनाने और नए सदस्य बनाने काम प्रारंभ कर दिया जाएगा। 31 दिसंबर तक यूपी में कांग्रेस अपनी सदस्य संख्या एक करोड़ तक पहुंचाएगी। इनमें सक्रिय सदस्यों की संख्या कम से कम एक लाख तक होगी, जिन्हें ब्लॉक, ग्राम स्तर व बूथ स्तर तक की जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।