
लखनऊ. बीजेपी को टक्कर देने के लिए कांग्रेस भी अब प्रोफेशनल सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स को अपनी टीम से जोड़ेगी। अभी तक कांग्रेस का सोशल मीडिया पार्टी से जुड़े ही कुछ वॉलेंटियर्स देखते थे लेकिन अब यूपी में अब ये काम प्रोफेशनल लोग करेंगे। इस बात की जानकारी मीडिया पैनेलिस्ट व कोर्डिनेटर राजीव बख्शी ने दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर कम्यूनिकेशन डिपार्टमेंट को मजबूती देने का प्रयास शुरू हो गया है। इस प्रयास में उन्होंने कई लोगों से मुलाकात की है जो कांग्रेस से जुड़ना चाहते हैं।
मजबूत करनी होगी सोशल मीडिया टीम
राजीव बख्शी के मुताबिक वे इस धारणा को बदलना चाहते हैं कि कांग्रेस सोशल मीडिया पर कमजोर है। यही कारण है कि वे पेड प्रोफेशनल्स को जोड़कर सोशल मीडिया को मजबूत करना चाहते हैं। बीजेपी के हर दावे को काउंटर करने के लिए यूपी कांग्रेस को सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना पड़ेगा। वहीं प्रवक्ताओं की नई टीम के विचार भी तेजी से साइबर वर्ल्ड में पहुंचे इसके लिए भी प्रयास किया जा रहा है। अभी सोशल मीडिया के लिए जो टीम बनाई जाएगी उसमें पेड और वॉलेंटियर्स दोनों जुड़ेंगे।
प्रदेश स्तर पर लागू करने की चुनौती
दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस अब सोशल मीडिया के माध्यम से उन जगहों तक पहुंचेगी जहां मुख्यधारा की मीडिया कांग्रेस की आवाज़ नहीं पहुंचाती. सोशल मीडिया टीम का न सिर्फ विस्तार किया गया है बल्कि ऑडियो और वीडियो के ज़रिए देश के कोने कोने तक पहुंचने के लिए विशेष टीम बनाई गई है। कुछ इसी तरह की प्लानिंग यूपी के लिए हो रही है। यही कारण है कि अब पेड प्रोफेशनल्स को इसके लिए जोड़ने पर विचार चल रहा है।
वॉलंटियर्स भी बढ़ाए जाएंगे
एक तरफ बीजेपी साइबर सेल से दो लाख नए वॉलेंटियर्स जोड़ेगी तो वहीं इसके जवाब में कांग्रेस प्रदेश भर में फिलहाल 50 वॉलंटियर्स का लक्ष्य लेकर चल रही है। कांग्रेस की सोशल मीडिया सेल से जु़ड़े एक वॉलंटियर ने बताया कि अभी पूरे यूपी में लगभग सात-आठ हजार वॉलंटियर हैं। आने वाले दिनों में इसे 50 हजार तक पहुंचाना है। वहीं समाजवादी पार्टी ने भी साइबर जगत में बीजेपी का मुकाबला करने के लिए प्लानिंग शुरू कर दी है। सपा की आईटी सेल पहले से ही है, अब इसे बड़ा करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। इसके लिए प्रदेश भर में वॉलंटियर्स को जोड़ा जाएगा। इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने भी यूपी में सोशल मीडिया पर खुद को मजबूत बनाने की तैयारी कर ली है।