लखनऊ

UP Cold Wave: लखनऊ समेत UP के कई जिलों में घना कोहरा, गिरते तापमान से बढ़ी ठिठुरन, लोगों की दिनचर्या पर असर गहरा

Dense Fog Blankets Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश में ठंड ने अपना असर तेज कर दिया है। लखनऊ सहित कई जिलों में घना कोहरा छाने से सुबह की दृश्यता बेहद कम हो गई। तराई क्षेत्रों में ऑरेंज और कई जिलों में येलो अलर्ट जारी है। तापमान गिरने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और ठिठुरन बढ़ गई है।
3 min read
Dec 11, 2025
यूपी में कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई परेशानी, तापमान गिरा; तराई में ऑरेंज अलर्ट जारी (फोटो सोर्स : Patrika)

UP Cold Weather Conditions: उत्तर प्रदेश में सर्दी ने अपना असर तेज कर दिया है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह में ठंड का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और कोहरे ने कई जिलों को अपनी चपेट में ले लिया है। गुरुवार सुबह राजधानी लखनऊ में घने कोहरे की मोटी परत छाई रही, जिसके चलते दृश्यता में भारी गिरावट दर्ज की गई। यही स्थिति अवध, पूर्वांचल और तराई के अधिकांश जिलों में भी देखने को मिली। सुबह के समय लोगों को कोहरे और गिरते तापमान के कारण भारी ठिठुरन का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है, वहीं आने वाले दिनों में मौसम में फिर बदलाव के संकेत भी दिए हैं।

लखनऊ में कोहरा, ठंड और शीतलहर का असर बढ़ा

गुरुवार की सुबह राजधानी लखनऊ कोहरे की मोटी चादर में ढकी नजर आई। दृश्यता कम होने के कारण सड़क यातायात प्रभावित रहा। राजधानी के हजरतगंज, चारबाग, गोमती नगर, अलीगंज, इंदिरा नगर, आशियाना और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के आसपास विशेष रूप से कोहरा छाया रहा। सुबह-सुबह दफ्तरों और स्कूलों के लिए निकलने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगह गाड़ियां हेडलाइट जलाकर रेंगती हुई नजर आईं। ऑटो, टैक्सी और रोडवेज बस सेवाओं पर भी इसका असर दिखाई दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों की तुलना में गुरुवार को कोहरा कहीं ज्यादा घना महसूस हुआ। सुबह तापमान गिरने के कारण लोगों ने अलाव और गरम कपड़ों का सहारा लिया।

तराई जिलों में घना कोहरा-ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में कोहरा और ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है। बुधवार और गुरुवार की सुबह इन इलाकों में दृश्यता बेहद कम मापी गई। मौसम विभाग ने कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और बहराइच जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को कुशीनगर में हालात इतने खराब थे कि दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं बहराइच में दृश्यता 25 मीटर के करीब दर्ज की गई। इतनी कम दृश्यता के कारण सुबह का ट्रैफिक काफी देर तक बाधित रहा और कई वाहन हाईवे पर धीमी गति से चलते दिखे। दूसरी ओर देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भी सुबह के समय घना कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं।

कोहरा और गिरते तापमान का लोगों की दिनचर्या पर असर

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड के कारण दैनिक गतिविधियों पर काफी प्रभाव पड़ा है।

  • किसान खेतों में देर से निकल रहे हैं।
  • मजदूरों को ठंड के कारण सुबह की शिफ्ट में दिक्कत हो रही हैं।
  • स्कूल जाने वाले बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित दिखाई दिए।
  • रेलवे और बस यातायात पर भी मौसम का असर साफ दिखा है।
  • कुछ जगहों पर ट्रेनें देर से चल रही हैं और रोडवेज की कई बसें निर्धारित समय से पिछड़ गई हैं।

मौसम विभाग: 12 दिसंबर से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया है कि प्रदेश में जल्द ही मौसम में एक और बदलाव देखने को मिल सकता है।

  • उनके अनुसार 12 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके असर से:
  • उत्तर प्रदेश में पूर्वा हवाएं चलेंगी
  • तीन से चार दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा
  • कुछ इलाकों में हल्के-फुल्के बादल दिखाई दे सकते हैं
  • दिन और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है
  • हालांकि कोहरे का प्रभाव अभी जारी रहेगा, विशेषकर तराई और पूर्वांचल में।

क्यों बढ़ रहा है कोहरा और ठंड

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सर्द हवाओं की दिशा और नमी की मात्रा में वृद्धि के कारण उत्तर प्रदेश में लगातार कोहरा बढ़ रहा है। हिमालयी क्षेत्रों में तापमान तेजी से गिर रहा है और वहां से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में ठंड को और बढ़ा रही हैं। वहीं, रात में तापमान कम होने और हवा की गति बेहद धीमी होने से सुबह के समय कोहरा घना हो जाता है। नमी की मात्रा भी कोहरे को बढ़ावा दे रही है।

स्वास्थ्य पर असर-सावधानियों की सलाह

लगातार गिरते तापमान और घने कोहरे का स्वास्थ्य पर भी असर हो रहा है। अस्पतालों में खांसी, जुकाम और सर्दी से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी है।

  • चिकित्सकों ने लोगों को निम्न सावधानियां बरतने की सलाह दी है-
  • सुबह और रात बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें
  • बुजुर्ग और बच्चे ठंडी हवा से बचें
  • सुबह की धुंध में वाहन चलाते समय सावधानी रखें
  • अलाव या हीटर का इस्तेमाल सुरक्षित तरीके से करें
  • पानी और गर्म पेय पदार्थों का सेवन बढ़ाएँ

यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

कोहरे को देखते हुए यातायात विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।

  • वाहन की हेडलाइट और फॉग लाइट का उपयोग करें
  • तेज रफ्तार से बचें
  • सड़क पर वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें
  • अचानक ब्रेक न लगाएं
  • हाईवे पर चेतावनी संकेतों का पालन करें