UP Politics: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिहार में सुपर फ्लॉप साबित होंगे।
UP Politics: बिहार विधानसभा 2025 के लिए पहले चरण की वोटिंग गुरुवार को होगी। इस बीच यूपी के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि इस बार भी जनता NDA पर ही भरोसा जताने जा रही है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि उन्होंने बीते कुछ दिनों में बिहार के कई विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि वहां की जनता के उत्साह और ऊर्जा ने उन्हें बिल्कुल स्पष्ट संकेत दिए हैं कि बिहार में NDA सरकार भारी बहुमत के साथ बनने जा रही है।
डिप्टी CM ने कहा, ''मैं जहां-जहां गया, वहां लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यह साफ दिखाई दे रहा है कि बिहार में NDA की सरकार फिर से बनने जा रही है। PM नरेंद्र मोदी ने देशभर में जन-जन का भरोसा जीता है। बिहार में CM नीतीश कुमार के सुशासन की लहर एकतरफा चल रही है।''
यूपी के उपमुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि जाति, धर्म और संप्रदाय से उठकर बिहार के लोगों ने मन बना लिया है कि वोट NDA को ही देंगे। जनता विकास और स्थिरता चाहती है और NDA ही उसे पूरा कर सकता है। वहीं, यूपी के डिप्टी CM ने RJD और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने अतीत में RJD शासनकाल की स्थितियां देखी हैं और 'जंगल राज' को पूरी तरह याद रखती है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि रंगदारी, अपराध और फिरौती का समय किसे याद नहीं। राहुल गांधी का जो विजन है, देश ने उसे पहले ही नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जमीन समझदार और प्रबुद्ध लोगों की है। यह चाणक्य और भगवान बुद्ध की भूमि है। ऐसे में यहां पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कोई राजनीतिक स्वीकार्यता मिलने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां राहुल गांधी पूरी तरह सुपर फ्लॉप साबित होंगे।