लखनऊ

नगर निकाय चुनाव में यूपी डीजीपी सुलखान सिंह नहीं डाल पाएं वोट, ये है वज़ह

जिन पर यूपी में शांतिपूर्ण नगर निकाय चुनाव कराने की जिम्मेदारी, वहीं नहीं डाल सकें अपना वोट।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2017, 12:25 PM IST
DGP Sulkhan Singh
DGP Sulkhan Singh

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए रविवार को वोटिंग जारी है। प्रदेश के 25 जिलों में वोटिंग चल रही है। इसमें लखनऊ जिला भी शामिल है। लेकिन शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए जिस यूपी पुलिस को अहम जिम्मेदारी मिली है, उसी फोर्स के मुखिया यानी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सुलखान सिंह अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाएं। इसके पीछे एलडीए की बड़ी लापरवाही सामने आई है।

डीजीपी समेत सैकड़ों परिवार नहीं डाल पाएं वोट
जानकारी के मुताबिक डीजीपी सुलखान सिंह और उनका परिवार गोमतीनगर विस्तार में बने रिवर व्यू अपार्टमेंट में रहते हैं। जो कि एलडीए के दायरे में आता है। लेकिन एलडीए ने इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों के नाम की लिस्ट नगर निगम को नहीं सौंपी। इस वज़ह से डीजीपी सुलखान सिंह व उनके परिवार समेत यहां रहने वाले सैकड़ों लोग नगर निकाय चुनाव में अपना वोट नहीं डाल पाएं।
डीजीपी पीआरओ व एडिशनल एसपी राहुल श्रीवस्तव ने यूपी डीजीपी सुलखान सिंह के वोट न डाल पाने की बात की पुष्टि की। क्योंकि उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हुआ है।

सुरक्षा का दावा, कैसे होगा अपने डीजीपी से संपर्क
चुनाव के चलते यूपी पुलिस रविवार को 25 जिलों में बेहद चौकसी बरतने का दावा कर रही है। लेकिन डीजीपी का नाम वोटर लिस्ट में न होने की बात की पुष्टि के लिए जब डीजीपी सुलखान सिंह के सरकारी सीयूजी नंबर पर फोन किया गया तो, उनका फोन कई रिंग बजने के बाद भी नहीं उठा। आश्चर्य की बात है कि बेहद संवेदनशील माने जाने वाले चुनाव के दिन ही प्रदेश की पुलिस फोर्स के मुखिया का फोन नहीं उठ रहा। जबकि वह खुद सभी अधिकारियों को अपना सीयूजी नंबर उठाने की नसीहत दे चुके हैं।

इन जिलों में हो रहे हैं निकाय चुनाव
यूपी नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में रविवार को 25 जनपदों में चुनाव हो रहा है। इनमें लखनऊ, मुज्जफ्रनगर, गाजियाबाद, गौतमबुद्वनगर, अमरोहा, रामपुर, पीलीभींत, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मथुरा, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, इटावा, ललितपुर, बांदा, इलाहाबाद, सुलतानपुर, अम्बेडकरनगर, बहराईच, श्रावस्ती, संतकबीरनगर, देवरिया, बलिया, वाराणसी और भदोही शामिल है।

Published on: