लखनऊ

पहले हाईवे का काम पूरा करें फिर वसूलें टोल टैक्स, सीएम योगी की एनएचएआई अधिकारियों को दो टूक

CM Yogi ने  शारदीय नवरात्रि, दशहरा तथा दीपावली आदि त्योहारों  को लेकर बैठक की। बैठक में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने क्या कहा आइये बताते हैं 
3 min read
• •
Updated: 24 Sep 2024, 9:22 PM IST
CM Yogi
CM Yogi in meeting with government officials

CM Yogi ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आगामी दिनों में शारदीय नवरात्रि, दशहरा तथा दीपावली आदि त्योहारों के दृष्टिगत प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए जारी विशेष अभियान 10 अक्टूबर तक सम्पन्न करने का निर्देश दिया।  

CM Yogi ने क्या कहा ?

CM Yogi ने कहा कि पर्व और त्योहारों पर प्रदेश में आवागमन सामान्य की अपेक्षा अधिक होता है। बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी आते हैं। हर एक आदमी के लिए सड़क पर चलना सुखद अनुभव वाला हो, यह हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। सड़कों की मरम्मत का काम अच्छी गुणवत्ता के साथ होना चाहिए।

किसानों की सुविधा का खास ध्यान

CM Yogi मंडी परिषद को निर्देश देते हुए कहा कि किसान सड़कों का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। किसानों की सुविधा का खास ध्यान रखा जाए। एफडीआर पद्धति से सड़कें बनाई जाएं। इस पद्धति के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों, धन व समय की बचत होती है तथा कार्य की गुणवत्ता में सुधार होता है। मंडी समिति के अंतर्गत आने वाली सभी सड़कों की मरम्मत एवं ड्रेनेज का कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए। क्वालिटी का विशेष ध्यान रखा जाए।

नहीं हो टोल टैक्स की वसूली 

एनएचएआई के अधिकारियों से संवाद करते हुए CM Yogi ने कहा कि जब तक हाईवे का निर्माण कार्य पूर्ण न हो जाए तब तक टोल टैक्स की वसूली नहीं की जाए। गड्ढा मुक्ति अभियान के लिए विभागीय कार्ययोजना से अवगत होते हुए CM Yogi ने निर्देश दिया कि सड़कों के लिए बजट का कोई अभाव नहीं है, आवश्यकता है कि सभी विभाग बेहतर नियोजन करें। उन्होंने सभी विभागों को यह निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़क बनाने वाली एजेंसी या ठेकेदार सड़क बनने के अगले पांच वर्ष तक उसके अनुरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाएगा। इस बारे में नियम-शर्तें स्पष्ट रूप से उल्लिखित की जाएं। 

प्रोजेक्ट की हो साप्ताहिक समीक्षा 

CM Yogi ने कहा कि विभागीय मंत्री व अधिकारी फील्ड में रैंडम दौरा कर निर्माण परियोजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा करें। कार्यों के प्रति जवाबदेही भी तय की जाए। सभी विभागों के पास सड़क मरम्मत के लिए पर्याप्त उपकरण होने चाहिए और सड़कों के पैच ठीक करने की कार्रवाई ऑटो मोड पर की जानी चाहिए।

सड़कों पर हो टेबल टॉप ब्रेकर 

CM Yogi ने कहा कि सड़कों पर किए जाने वाले बेतरतीब कार्यों से दुर्घटना होने की संभावना बनती है। सड़कों पर सीवर लाइन तथा पाइपलाइन आदि डालने के बाद ठीक ढंग से मरम्मत की जानी चाहिए। सड़कों पर ऊंचे ब्रेकर से दुर्घटना होने की संभावना बनती है। इसलिए सड़कों पर टेबल टॉप ब्रेकर का निर्माण किया जाए।