कुल 77 ईवीएम खराब होने के मामले सामने आए हैं।
कानपुर. लोकतंत्र के महापर्व का लेकर सुबह से लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखा। मेयर सहित 110 पार्षद पद के लिए छुट-पुट घटनाओं के बीच शाम तीन बजे तक करीब 35 फीसदी मतदान हुआ। लेकिन ईवीएम में छेड़छाड़ के कई मामले सामने आने पर विरोधी दलों के नेताओं ने भाजपा पर जुबानी हमला बोला। सपा के राज्यसभा सांसद जब मत डालने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे तो मतदान सूची में उनका नाम गायब था। जिस पर उन्होंने कहा कि इस घटना को किसी साजिश के तहत अंजाम दिया गया है। साथ ही भाजपा को जिताने के लिए ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की हैं। हम पूरे मामले को संसद में उठाएंगे।
संसद में गूंजेगा मामला
निकाय चुनाव के लिए बुधवार की सुबह से लोग अपने-अपने घरों से मतदान केंद्रों पर जाकर मत दे रहे हैं। सुबह के वक्त मतदान धीमा रहा, लेकिन दो बजे के बाद इसमें तेजी आई। छुट-पुट घटनाओं के बीच शाम तीन बजे तक करीब 35 फीसदी मतदान हुआ। वहीं समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद अपने परिवार के साथ वोट देने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे, जहां उनका सूची से नाम गायब था। उन्होंने इसकी शिकायत जिलानिर्वाचन अधिकारी से करने के बाद रोष जताया। सांसद ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली है। सुबह से लोग फोनकर बता रहे हैं कि ईवीएम में बटन अन्य दलों के निशान पर दबाते हैं पर बत्ती कमल के सिंबल पर चलती है। हमने पूरे प्रकरण की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष को दे दी है और इस मुद्दे को हम संसद में भी उठाएंगे।
कमल पर जल रही बत्ती
चकेरी, नौबस्ता और कल्याणपुर थानाक्षेत्र स्थित बनाए गए मतदान केंद्रों में ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर जमकर हंगामा हुआ। पुलिस मौके पर पहुंची और समझा बुझाकर मामला शांत कराया। कुछ जगहों पर पुलिस को लाठी चार्ज भी करना पड़ा। वार्ड 63 विंदेश्वरी इंटर कॉलेज राजीव नगर और उससे थोड़ी दूर मछरिया गढ़ी के मछरिया प्राथमिक विद्यालय में लोगों ने हंगामा काटा। उनका आरोप था कि मशीन में बटन कोई भी दबा दें वोट एक ही पार्टी को जा रहा है। दोनों मतदान केंद्रों पर लोगों ने नारेबाजी कर हंगामा करना शुरू कर दिया। लगभग एक घंटे तक मतदान रोका गया। वहीं बंबईया हाता धर्मशाला और हर्ष नगर के लोगों का आरोप था कि बटन कोई भी दबाया जाए वोट एक ही पार्टी को जा रहा है। बंबईया हाता में एक घंटे के लिए मतदान रोका गया।
कांग्रेस ने भी हाईकमान से की शिकायत
ईवीएम में एक ही दल को पड़ रहे वोट का मामला तूल पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के बाद कांग्रेस भी इस मुद्दे पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि चकेरी और नौबस्ता स्थित एक दर्जन से ज्यादा मतदान केंद्रों पर ईवीएम में छेड़छाड़ की बात सामने निकल कर आई है। प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि हमने पूरे प्रकरण की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को दे दी है। पार्टी मतदान के बाद निर्वाचन आयुक्त से मिलकर अपना विरोध दर्ज कराएगी। राजाराम पाल ने कहा कि भाजपा को जिताने के लिए चुनाव आयोग के अफसरों ने ईवीएम को फिक्स किया है। राजराम पाल ने कहा कि हमने मौके पर जाकर खुद जब देखा तो पंजे की बटन दबाने पर कमल चुनाव चिन्ह की बत्ती जल रही थी।
77 मशीने निकलीं खराब
मतदान के दौरान जहां ईवीएम के साथ छेड़छेड़ की शिकायतें मिली वहीं कुछ जगह ईवीएम खराब होने के चलते मतदान रूका रहा। समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष फजल महमूद ने डीएम से पूरे प्रकरण से शिकायत करने के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम को इसकी जानकारी दी। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि कुल 77 ईवीएम खराब होने के मामले सामने आए हैं। इन्हें तत्काल बदला गया। ईवीएम खराब होने से कुछ जगह मतदान कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। जेके कालोनी के बाल निकेतन स्कूल मतदान केन्द्र में ईवीएम को लेकर खूब बवाल हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम के साथ छेड़छेड़ के आरोप का निराधार बताया।