2004 के बाद यूपी चुनाव से राजनीति में वापसी कर रहा है ये क्रिकेटर, NIFT को लेकर था चर्चा में

इस सीट के लिए रालोद से भाजपा में आये डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और 2012 विधानसभा चुनाव में हारने वाले भाजपा प्रत्याशी युद्धवीर सिंह को टिकट देने की चर्चा थी।

2 min read
Jan 17, 2017
chetan chauhan
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी ने यूपी 2017 विधानसभा चुनाव के लिए
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान को टिकट दिया है। उनको
अमरोहा जिले की नौगांव सादात विधानसभा सीट से भाजपा ने अपना प्रत्याशी
घोषित किया है।


इस सीट के लिए रालोद से भाजपा में आये डॉ. हरि सिंह
ढिल्लो और 2012 विधानसभा चुनाव में हारने वाले भाजपा प्रत्याशी युद्धवीर
सिंह को टिकट देने की चर्चा थी। जिससे यहाँ पर टकराव भी बढ़ रहा था लेकिन
बाद में पार्टी की ओर से पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान को नौगांव सादात से
टिकट दे दिया गया। चेतन चौहान साल 2016 में नई दिल्ली स्थित नेशनल
इंस्टिट्यूट ऑफ़ फैशन टेक्नोलॉजी के चेयरमैन नियुक्त किये गए थे। जिसको लेकर
काफी विवाद मचा था। वह पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह के करीबी माने जाते
हैं।


आइये जानते हैं चेतन चौहान से जुड़े तथ्य :
- चेतन चौहान का जन्म 21 जुलाई 1947 को यूपी के बरेली में हुआ था। साल 1969 में उन्होंने भारतीय टेस्ट टीम से डेब्यू किया।
- वह 1972-73 में उस दौरान चर्चा में आये जब उन्होंने महाराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए रणजी ट्रॉफी में टेस्ट मैचों की सीरीज में 873 रन बनाये।
- वह भारतीय टीम के ओपनर बैट्समैन रह चुके हैं और उन्होंने भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर के साथ 59 बार ओपनिंग की है।
- चेतन चौहान ने अपने करियर में 40 टेस्ट मैच खेलते हुए 2084 रन बनाये जिसमें 16 अर्धशतक थे और एक भी शतक नहीं था।
- प्रथम श्रेणी क्रिकेट में चेतन चौहान ने 11 हजार रन बनाये थे।
- उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच 1985 में मुंबई के खिलाफ रणजी फाइनल
खेला।
- उन्हें वर्ष 1981 में अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा गया।
- वह 1991 में बीजेपी के टिकट पर अमरोहा से सांसद चुने गए। इसके बाद 1996 में फिर उन्हें टिकट मिला लेकिन इस बार वह हार गये।

- साल 1998 में बीजेपी के टिकट पर फिर सांसद चुने गए। इसके बाद 1999 और 2004 के लोकसभा इलेक्शन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

- साल 2016 में चेतन चौहान को निफ्ट का चेयरमैन नियुक्त किया गया। जिस पर काफी विवाद हुआ था।

- लगभग 12 साल बाद एक बार फिर चेतन चौहान राजनीति में वापसी कर रहे हैं।

- उन्हें अमरोहा जिले की नौगांव सादात सीट से टिकट दिया गया है।
Published on:
17 Jan 2017 03:18 pm
Also Read
View All