
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में भी झारखंड के पाकुड़ में स्वामी अग्निवेश पर हमला मामले पर राजनीति गर्मा गई है। इल मामले पर यूपी के पूर्व सीएम और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर धावा बोला है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए कहा है कि आज ही सुप्रीम कोर्ट ने भीड़तंत्र को नकारा है और वहां झारखंड में एक नामी समाजसेवी पर खुलेआम क़ातिलाना हमला हुआ है। केंद्र-राज्य में सत्ताधारी भाजपा अब किस मुंह से कहेगी कि वह न्यायपालिका व लोकतंत्र का सम्मान करती है। देश को अराजकता के इस दौर से बचाने के लिए सबको आगे आना होगा।
काफी अच्छी है गठबंधन की स्थिति
अखिलेश यादव ने इस मामले के दौरान प्रदेश की योगी सरकार पर धावा बोलते हुए कहा है कि पूरे उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है और इसके साथ ही पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा हो गया है। जिससे यूपी में भ्रष्टाचार और भी ज्यादा बढ़ गया है। भाजपा के लोग शिलान्यास का शिलान्यास करने में लगे हुए हैं। गठबन्धन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन की स्थिति इस समय भाजपा से काफी अच्छी लग रही है।
प्रधानमंत्री के भी लिया निशाने पर
इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि 'सपा और बसपा के एक हो जाने से प्रधानमंत्री के हाथ घुमाने का अंदाज भी बदला हुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आजकल मैं उनका भाषण नहीं सुनता हूं, बल्कि उनके हाथ चलाने का तरीका देखता हूं। लोकसभा चुनाव से पहले सपा व बसपा का तालमेल होने के बाद प्रधानमंत्री अपना हाथ कैसे घुमा रहे हैं, यह तो देखने लायक है। मोदी टेलीप्रॉम्पटर लगाकर रटा-रटाया भाषण पढ़ते हैं। अगली बार मैं भी इसकी मदद से कई भाषाओं में भाषण दूंगा।
भाजपा के लोग बताएं कि वो भारतीय हैं या नहीं
भाजपा पर हमला करते अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी देश की सबसे ज्यादा जातिवादी पार्टी है। बीजेपी के चक्कर में देश बर्बाद हो रहा है। इसके साथ कहा कि राहुल गांधी के विदेशी मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि राहुल गांधी पूरी तरह से भारतीय हैं। भारतीय जनता पार्टी के लोग बताएं कि वो भारतीय हैं या नहीं? अखिलेश ने कहा कि बीजेपी जातियों और धर्मों में झगड़ा कराती रहती है। जो झगड़ा कराए, वह भारतीय कैसे हो सकता है।
देश अब नया प्रधानमंत्री बनाना चाहता है
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फेल हो गए हैं और पूरा देश अब नया प्रधानमंत्री बनाना चाहता है। लखनऊ में एसिड पीड़ितों द्वारा चलाए जा रहे कैफे पर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार आने पर कैफे खोलने के लिए जमीन दी जाएगी लेकिन उसकी जगह लखनऊ में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान में इस कैफे में जमकर तोड़ फोड़ की गई थी।