
लखनऊ. हजरतगंज में दिनदहाड़े महिला से छेड़खानी का मामला सामने आया है। महिला के साथ छेड़खानी कर उसे जमकर पीटा गया है। लखनऊ के हजरतगंज के वीआईपी इलाके में दिनदहाड़े मध्यांचल विद्युत निगम लिमिटेड के कार्यालय के बाहर महिला ऑपरेटर से छेड़खानी की गई, यही नहीं विरोध करने पर आरोपी युवक ने महिला कर्मी की पिटाई भी कर दी। उसे बचाने आई सहेली पर भी हमला बोल दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। हमलावर एक कार्यदाई संस्था का कर्मचारी है। घटना मंगलवार दोपहर की है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग गया है।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राधा रमण सिंह के मुताबिक पीड़िता मध्यांचल विद्युत निगम में संविदा पर कर्मचारी है। उसका आरोप है कि चंदन भटनागर कार्यदाई संस्था का कर्मचारी है। इस कारण उसका अक्सर कार्यालय में आना जाना है। उसने दफ्तर में दर्ज दस्तावेजों से पीड़िता का मोबाइल नंबर निकाल लिया उसके बाद अक्सर उसे फोन करके परेशान करता था। फोन पर भी वह अपशब्दों का प्रयोग करता था। कई बार कार्यालय में संबंध में शिकायत भी कर की है लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। पीड़िता ने बताया कि जब वह चंदन की हरकतों से तंग आ गई तो उसने वूमेन पावर लाइन 1090 पर भी शिकायत की थी, पर फिर भी आरोपित में कोई सुधार नहीं हुआ। पीड़िता का आरोप है कि अब उसे फोन पर और कुछ लोगों के माध्यम से जान से मारने और तेजाब डालने की धमकी दे रहा था। घटना के बाद से पीड़ित और उसका पूरा परिवार आरोपित की धमकी से दहशत में है। पुलिस के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।