14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Lucknow Illegal Buildings: लखनऊ में 101 अवैध इमारतों पर चलेगा बुलडोजर? 17 अगस्त से कार्रवाई की तैयारी, अलीगंज की 51 बिल्डिंगों पर सुप्रीम कोर्ट की नजर

Aliganj Illegal Buildings: लखनऊ में अवैध निर्माण के खिलाफ एलडीए ने 101 इमारतों की सूची तैयार की है। 17 अगस्त से ध्वस्तीकरण अभियान की तैयारी है। अलीगंज की 51 इमारतों का 24 अगस्त को न्याय मित्र निरीक्षण करेंगे।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Dimple Yadav

Aug 14, 2026

Lucknow illegal construction LDA demolition action Lucknow demolition drive

लखनऊ में 101 अवैध इमारतों पर चलेगा बुलडोजर (photo- x ani)

Lucknow illegal construction: यूपी की राजधानी लखनऊ में बिना अनुमति और नियमों को ताक पर रखकर खड़ी की गई इमारतों पर अब कार्रवाई का रास्ता साफ होता दिख रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने शहर की 101 अवैध इमारतों की सूची तैयार की है। इनमें कई बहुमंजिला भवन और अपार्टमेंट भी शामिल हैं, जिनके निर्माण को स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप नहीं बताया गया है। प्राधिकरण ने 17 अगस्त से ध्वस्तीकरण अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए एलडीए ने पुलिस से पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने को कहा है। प्राधिकरण की ओर से अभियान के लिए अलग-अलग टीमें भी तैयार की गई हैं।

सबसे ज्यादा फोकस अलीगंज पर

इस पूरी कार्रवाई में अलीगंज की 51 इमारतें सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इन भवनों को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद चिन्हित किया गया है। अब 24 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट के न्याय मित्र की टीम इन इमारतों का मौके पर जाकर निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान भवनों की स्थिति, निर्माण से जुड़े दस्तावेज और प्राधिकरण के रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। इसके बाद न्याय मित्र अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के सामने रखेंगे। सितंबर में मामले की सुनवाई प्रस्तावित है, ऐसे में इससे पहले यह निरीक्षण काफी अहम माना जा रहा है।

एलडीए ने पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले

न्याय मित्र की टीम के दौरे को देखते हुए एलडीए ने चिन्हित इमारतों से जुड़ी जानकारी जुटा ली है। अधिकारियों ने भवन की मंजिलों की संख्या, निर्माण कब हुआ, उस समय कौन अधिकारी तैनात था, पहले कोई कार्रवाई हुई या नहीं और कार्रवाई नहीं होने की वजह क्या रही, इन सबका रिकॉर्ड तैयार किया है। निरीक्षण के दौरान दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए योजना विभाग के दो ड्राफ्टमैन मुकेश वर्मा और दीपक को न्याय मित्र की टीम के साथ लगाया गया है।

पुलिस बल के लिए भेजा गया पत्र

एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर ध्वस्तीकरण अभियान के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। प्राधिकरण को आशंका है कि कार्रवाई के दौरान विरोध या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति बन सकती है, इसलिए पहले से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

प्रभावशाली लोगों से जुड़ी संपत्तियां भी जांच के दायरे में

चिन्हित भवनों की सूची में कुछ ऐसी संपत्तियां भी शामिल होने की बात सामने आई है, जिनका संबंध प्रभावशाली लोगों से बताया जा रहा है। इनमें पूर्व राज्यपाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री, विधायक, कारोबारी और वरिष्ठ अधिवक्ताओं से जुड़ी संपत्तियां शामिल होने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि एक पूर्व राज्यपाल और एक पूर्व कैबिनेट मंत्री से संबंधित तीन-तीन भवन जांच के दायरे में हैं। एक राज्य मंत्री से जुड़ी संपत्ति का नाम भी सूची में होने की बात कही जा रही है।

अलीगंज के बाद 50 और भवनों पर कार्रवाई

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, 100 से ज्यादा अवैध भवनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अलीगंज की 51 इमारतों के अलावा करीब 50 अन्य भवन भी ध्वस्तीकरण की सूची में हैं। फिलहाल एलडीए की नजर 17 अगस्त से शुरू होने वाले अभियान और 24 अगस्त को होने वाले न्याय मित्र के निरीक्षण पर है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट की आगामी सुनवाई में इस मामले में तस्वीर और साफ हो सकती है।