
Gopal Rai on Vasundhara Police Chowki Blast Incident: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी पर हुए धमाके को लेकर विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आशंका जताई है कि, दिवाली से ठीक पहले हुए इस धमाके के पीछे कई लोगों को नुकसान पहुंचाने की एक बहुत बड़ी साजिश हो सकती थी। इसके साथ ही गोपाल राय ने लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में मेडिकल छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए वहां के कुलपति को पद से हटाने की मांग भी की है।
गोपाल राय ने कहा कि दिवाली हिंदुओं का बहुत बड़ा त्योहार है। त्योहार से ठीक एक दिन पहले पुलिस चौकी पर इतना बड़ा धमाका होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह तो भगवान श्रीराम की कृपा थी जिससे कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। गोपाल राय ने अपने बयान में यह भी दावा किया कि तहरीक उल मुजाहिदीन हिंद नाम के एक संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, इस दावे की अभी तक पुलिस या जांच एजेंसियों की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। राय ने सरकार से इस पूरी घटना की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गाजियाबाद धमाके के अलावा गोपाल राय ने लखनऊ की KGMU में सामने आ रही हालिया घटनाओं को लेकर भी ऐतराज जताया। उन्होंने दावा किया कि विश्वविद्यालय में कई दिनों से लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं जिनका असर सीधे तौर पर वहां की मेडिकल छात्राओं और महिला डॉक्टरों की सुरक्षा पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि परिसर में हजारों युवा छात्राएं और महिला डॉक्टर मौजूद रहती हैं ऐसे में उनकी पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय प्रशासन की ही प्राथमिक जिम्मेदारी है।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अध्यक्ष ने राज्यपाल से मांग की है कि KGMU के कुलपति को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटाया जाए। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि विश्वविद्यालय में कई दिनों से इस तरह की घटनाएं हो रही थीं तो कुलपति ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की। गोपाल राय ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कुलपति को नहीं हटाया गया तो कड़ा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।