राजधानी में 29 जुलाई को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन होने जा रहा है।
लखनऊ. राजधानी में 29 जुलाई को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन होने जा रहा है। जिसको लेकर इस साल हुए इन्वेस्टर्स समिट की तरह ही 29 जुलाई को फिर से एयरपोर्ट से लेकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक पूरे मार्ग को रोशनी व फूलों से सजाया जाएगा। ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी के आयोजन के लिए शहर को सजाने की तैयारियां 25 जुलाई से शुरू कर दी जाएंगी। इस आयोजन में देश के पीएम मोदी के अलावा दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी, कुमार मंगलम बिड़ला व गौतम अडानी समेत 1500 उद्यमी आ रहे हैं।
तैयारियों को समय से पूरा कराने के दिए निर्देश
औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने आगामी ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए पूरी तैयारियों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि अमौसी एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन तथा अन्य महत्वपूर्ण कई स्थानों पर उत्तर प्रदेश की छवि को उभारते हुए प्रचार-प्रसार कराया जाए। विशिष्ट महानुभावों के लिए लायजन अफसरों की तैनाती की जाए। लखनऊ शहर का पूरी तरह से सौन्दर्यीकरण किया जाए एवं सभी स्थानों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाई जाए।
विकास मंत्री ने दिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश
औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा है कि जिस प्रकार इस साल फरवरी माह में इन्वेस्टर्स समिट का सफल आयोजन संपन्न हुआ था। उसी प्रकार ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी का भी बेहतर से बेहतर आयोजन संपन्न होना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि 25 जुलाई से ही पूरे शहर की सजावट शुरू कर दी जाए। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशनों, विधानसभा सहित सभी सरकारी इमारतों को बेहतर तरीके से सजाकर सुन्दर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि शहर में प्रमुख स्मारक एवं चौराहों पर भी लाइटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा सौदर्यीकरण के लिए मार्ग में इन्वेस्टर्स समिट की तरह गमले भी लगाए जाएं।
पीएम मोदी की उपस्थिति में होगा आयोजन
बैठक में मुख्य सचिव अनूप चन्द्र पाण्डेय ने बताया है कि ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में होगा। 29 जुलाई को दोपहर 12:00 बजे 01:30 बजे तक कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। मीडिया लाउंज से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विस्तृत रूप रेखा पूरी तरह से तैयार की जाएगी और उस पर तत्काल अमल भी किया जाएगा।