
लखनऊ. होली के त्यौहार पर लखनऊ से दूसरे जिलों के लिए जाने वाले यात्रियों की भीड़ बस अड्डों पर अभी से दिखाई देने लगी है। वहीं बस अड्डे पर दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद से लखनऊ आने वाले यात्रियों की भीड़ भी अच्छी खासी नजर आने लगी है। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रविवार को चारबाग और कैसरबाग बस अड्डे से गोंडा, बहराइच, गोरखपुर रूट पर परिवहन विभाग ने नौ अतिरिक्त बसें चलाकर सफर करने वाले यात्रियों को राहत प्रदान की है। सोमवार से होली स्पेशल बसों का संचालन भी शुरू कर दिया गया है।
5 मार्च तक चलेंगी स्पेशल बसें
होली के त्यौहार के अवसर पर हर एक घंटे पर ये स्पेशल बसें चारबाग व कैसरबाग बस अड्डे से यात्रियों को मिलेगी। इसी आधार पर साधारण व एसी बसों का टाइम टेबल भी तय कर दिया गया है। जिससे किसी भी यात्री को परेशानियों का सामना न करना पड़े। क्षेत्रीय प्रबंधक ए.के. सिंह ने बताया है कि होली के त्यौहार के अवसर पर स्पेशल बसें 26 फरवरी से 5 मार्च तक चलाई जाएंगी। दिल्ली से गोरखपुर के लिए वायां लखनऊ तीन अतिरिक्त एसी बसें सोमवार से शुरू कर दी गई हैं। जो कि यात्रियों के लिए एक सीधी सेवा होगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए अपनाई गई यह प्रक्रिया
सोमवार से होली के त्यौहार के अवसर पर लखनऊ से दिल्ली, दिल्ली से लखनऊ के अतिरिक्त लखनऊ से गोरखपुर, वाराणसी, इलाहाबाद, आगरा , बलिया व बहराइच रूट की बसों में खाली सीटों पर ऑनलाइन बुकिंग कराई जा सकती है। कई बसों में सीटें खाली हैं। यात्री किसी भी बस की सीट का टिकट बुक करा सकते हैं। दिल्ली के आनंद विहार बस टर्मिनल से शाम 5.45 बजे, 6.45 बजे व रात 10.15 बजे रवाना होकर सुबह के समय लखनऊ पहुंचेगी। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि जैसे-जैसे होली का त्यौहार नजदीक आता जा रहा है वैसे-वैसे बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। इसलिए यात्रियों की सुविधा के लिए यह प्रक्रिया तैयार कर उस पर अमल किया जा रहा है। जिससे किसी भी यात्री को परेशानी न हो।