
Holiday Notice:कल से स्कूलों में दो दिन की छुट्टी घोषित हुई है। दरअसल, उत्तराखंड में 23 जनवरी को नगर निकाय चुनाव की वोटिंग होनी है। चुनाव को देखते हुए 23 जनवरी को राज्य भर में नगर निकाय क्षेत्रों के स्कूल सहित समस्त दफ्तरों की पहले ही छुट्टी घोषित हो गई थी। इधर, आज नैनीताल जिले के हल्द्वानी के स्कूलों के लिए भी एक नया आदेश जारी हुआ है। दरअसल, निकाय चुनाव के चलते बसें और टैक्सियां प्रशासन ने अधिग्रहित कर ली हैं। कल यानी बुधवार को हल्द्वानी शहर में वाहनों की भारी किल्लत रहेगी। इसी को देखते हुए कुछ दिन पूर्व ही अधिकारियों ने इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा था। आज मुख्य शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर कल हल्द्वानी के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है। हल्द्वानी में कल और परसों दो दिन स्कूल बंद रहेंगे। अन्य जिलों में फिलहाल 23 जनवरी को ही अवकाश घोषित हुआ है। 23 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित हुआ है।
उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव का प्रचार आज शाम पांच बजे थम गया है। साथ ही पिथौरागढ़ जिले में भारत-नेपाल सीमा भी सील हो गई है। आज पूरे राज्य में चौकसी बढ़ा दी गई है। साथ ही पुलिस प्रशासन की ओर से चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया गया है। आज और कल दो रात प्रत्याशियों की ओर से गुपचुप प्रचार कर माहौल अपने पक्ष में करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाया जाएगा। इधर, सभी पोलिंग बूथों पर प्रशासन ने व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी हैं।