28 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘ए महाराज, इसको गठबंधन कहते हैं, असल में ये ठगबंधन है’, कांग्रेस-सपा की खींचतान पर ओम प्रकाश राजभर बोले- कौन बड़ा ठग?

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के गठबंधन को लेकर बयानबाजी तेज है। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए गठबंधन को ‘ठगबंधन’ बताया और उन्हें अमेठी जाने की सलाह दी।
2 min read
Google source verification

लखनऊ

•

image

Ankit Sai

•

Sep 28, 2026

OP Rajbhar on Akhilesh

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला फोटो सोर्स-IANS

Uttar Pradesh Politics News:उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन को लेकर दोनों दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। सपा नेताओं की ओर से कांग्रेस पर बयानबाजी के बीच कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव और उनकी पार्टी पर निशाना साधा है। ओपी राजभर ने कांग्रेस और सपा के नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी का जिक्र करते हुए गठबंधन की स्थिति पर सवाल उठाया और इसे ‘ठगबंधन’ बताया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में ठगी की प्लानिंग और लूट के माल के बंटवारे को लेकर लड़ाई चल रही है। साथ ही राजभर ने अखिलेश यादव को अमेठी जाने की सलाह दी।

इमरान मसूद आपको आंख दिखा रहे हैं- राजभर

ओपी राजभर ने एक्स पोस्ट में अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि आप रायबरेली गए तो कांग्रेस वाले आपके इटावा जाने को कह रहे हैं, चच्चू कांग्रेस वालों को जसवंतनगर बुलाकर औकात दिखाना चाह रहे हैं, इमरान मसूद आपको आंख दिखा रहे हैं, इकरा हसन कांग्रेस वालों को उनकी जगह दिखा रही हैं। अजय राय और राजेंद्र पाल गौतम ने सपा को छोटा भाई बना ही दिया है और आपके प्रवक्ता लोग कांग्रेसियों को लिमिट में रहना सिखा रहे हैं।

इकरा हसन ने कांग्रेस नेताओं को दी नसीहत

दरअसल, इससे पहले सपा सांसद इकरा हसन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर कांग्रेस नेताओं से अपनी बात रखती नजर आ रही हैं। इकरा हसन ने कहा कि गठबंधन में दोनों दलों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं है और वह सपा के साथ गठबंधन में है। इकरा ने कहा कि सपा अपनी सीमाएं नहीं लांघती, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पार्टी किसी से कम है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि उसकी लड़ाई समाजवादी पार्टी से है या भारतीय जनता पार्टी से।

इमरान मसूद के बयान पर भी बोलीं इकरा

इकरा हसन इससे पहले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के सपा-कांग्रेस गठबंधन और अखिलेश यादव को लेकर दिए बयान पर भी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन होता है तो अच्छा है, लेकिन अगर कांग्रेस गठबंधन में नहीं आती है तो नुकसान उसे ही उठाना पड़ेगा। इकरा के इस बयान पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा था कि इकरा हसन सांसद हैं और उन्होंने अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि आगे क्या होता है, यह समय बताएगा। अजय राय ने यह भी कहा था कि कांग्रेस नेता लगातार मेहनत कर रहे हैं और पार्टी को मजबूत बनाने में जुटे हैं।

इमरान मसूद ने गठबंधन पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद से जब यूपी चुनाव में सपा के साथ गठबंधन को लेकर सवाल किया गया था तो उन्होंने अखिलेश यादव की सक्रियता पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव भले ही यूपी चुनाव को लेकर एक्टिव नजर आ रहे हों, लेकिन इसका कोई मायने नहीं है। इमरान मसूद ने कहा था कि गठबंधन को तुरंत फाइनल किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कौन किसके संपर्क में है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उनके मुताबिक गठबंधन को लेकर फैसला जल्द होना चाहिए, क्योंकि देरी का नुकसान जमीन पर हो रहा है।