
लखनऊ. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ में पाली तानाखार में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अध्यक्ष हीरा सिंह मरकाम के समर्थन में चुनावी सभा की। सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में समाजवादी पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन है और प्रदेश में हमारी सरकार बनी तो शपथ ग्रहण के एक घंटे के अंदर किसानों का कर्ज माफ होगा। कहा, भाजपा और कांग्रेस के नेता सब एक-दूसरे से मिले हुए हैं और गरीबों, किसानों, नौजवानों की किस्मत बनाने में उनकी कोई रुचि नहीं है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि नक्सलियों से उतना खतरा नहीं है, जितना कि शहरी नक्सलियों से है। शहरी नक्सली देश में जातीय व धार्मिक भेदभाव की बातें करते हैं। इनका विकास से कोई वास्ता नहीं है। ये लोग देश को बांटने में लगे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के सबसे बड़े नेता का कहना है कि मध्य प्रदेश में प्रतिव्यक्ति आय 12-13 हजार थी जो 15 सालों के भाजपा राज के बाद अब 90 हजार से अधिक हो गई है। हम पूछते हैं किसकी आय 90 हजार है।
यादव ने कहा कि बैंक में जमा पैसा, देश के उद्योगपति लूटकर देश से बाहर चले गए। इन लोगों को पहले कांग्रेस ने पैसा दिया था फिर भाजपा की सरकार ने देश से भागने का मौका दे दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कुल 54 प्रत्याशी उतारे गए हैं जिनमें 18 सीटों पर समाजवादी और 36 सीटों पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कोरबा में 3 सीटों पर सपा और एक पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी चुनाव लड़ रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपाई नारा देते हैं सबका साथ, सबका विकास।
जब सबने साथ दिया तो फिर सबका विकास क्यों नहीं हुआ है? उनके इस विकास से आदिवासी, गरीब महिलाएं छूट गई हैं। भाजपा झूठ बोल रही है। अगर सूरज निकलता है तो सभी को बराबर रोशनी मिलती है, हवाएं भेदभाव नहीं करती हैं तो ये जो कुछ दिन की सरकारें हैं, वे भेदभाव क्यों करती है? सरकार ऐसी बने जो भेदभाव न करें यह काम समाजवादी पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी करेगी।