
दस हजार पदों पर भर्तियां जल्द
लखनऊ. प्रदेश में विभिन्न विभागों में करीब दस हजार पदों पर जल्द भर्तियां होंगी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) इस साल के दिसंबर तक करीब दस हजार खाली पदों के लिए विज्ञापन निकालने वाला है। आयोग इस योजना पर जोर-शोर से काम कर रहा है। जिन पदों के लिए आवेदन निकाले जा रहे हैं उसमें अवर अभियंता, कनिष्ठ सहायक, वन रक्षक और सचिवालय सेवा के पद शामिल हैं। आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछली सरकार के कार्यकाल से लंबित विभिन्न पदों पर चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के साथ 4706 रिक्त पदों के लिए अलग-अलग तीन नए विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं। इन पदों पर चयन से जुड़ी कार्यवाही विभिन्न स्तर पर प्रक्रियाधीन है। दिसंबर तक अलग-अलग विभागों की रिक्तियों के 10 हजार पदों पर आवेदन मांगने की योजना है। इसमें करीब 1200 से 1500 पद अवर अभियंताओं के रिक्त पदों के हैं।
............................
मुख्यमंत्री योगी ने 74 बीमार लोगों के इलाज के लिए की सहायता
लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीर बीमारी से ग्रसित अलग-अलग जनपदों के 74 व्यक्तियों की आर्थिक सहायता की है। उन्होंने कैंसर, ह्दय, किडनी और लिवर से संबंधित बीमारियों से ग्रसित लोगों को 1 करोड़ 15 लाख 52 हजार रुपये देकर उनके शुभ स्वास्थ्य की कामना की है। सीएम योगी ने ट्विट कर इस बात की जानकारी दी। सहायता किए जाने वाले लोगों में बलिया की निर्माला देवी, देवरिया के नसीर अहमद, इटावा के शशिकांत, लखनऊ के रामगोपाल समेत कई जिलों के लोग शामिल हैं।
...............................
हाईकोर्ट ने 7 दिनों में मांगा हलफनामा
लखनऊ. सहायक शिक्षक भर्ती में हुई गड़बडिय़ों पर नाराजगी जता कर हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने प्रदेश सरकार से पूछा है कि जांच कितने दिनों में पूरी हो जाएगी। इस पर कोर्ट ने 7 दिनों का हलफनामा दिया है। हाईकोर्ट ने निर्देश देकर पूछा कि जांच समिति ने अब तक क्या-क्या कार्यवाई की है और आगे क्या-क्या कार्यवाई करने जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सात दिनों के भीतर इसका हलफनामा देकर बताए। अगली सुनवाई 8 अक्टूबर को होगी।
..............................................
पुरानी पेंशन बहाली के लिए हड़ताल 25 से
लखनऊ. उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 8 अक्टूबर को धरना प्रदर्शन करेगा। वहीं 25 से 27 अक्टूबर को तक हड़ताल करेगा। इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि अगर धरना व विधानसभा घेराव के बाद भी पुरानी पेंशन की बहाली नहीं की, तो शिक्षा विभाग के कर्मचारी, अधिकारी व शिक्षक 25 अक्टूबर से हड़ताल के लिए मजबूर होंगे।
...............................................................
बाघ के हमले से दो व्यक्ति घायल
लखीमपुर खीरी. जनपद के मोहम्मदी और भीरा रेंज में बाघों के हमले से दो व्यक्ति घायल हो गए। बाघों के हमले के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूटा और उन्होंने रेंज कार्यालय में तोडफ़ोड़ कर बंगले में आग लगाकर चार-चार वन कर्मियों को लाठी डंडे से पीटा। ग्रामीणों का गुस्सा शांत कराने एसडीएम और सीओ थाने की फोर्स के साथ पहुंचे। यह मामला सुबह करीब सात बजे का है, जब दो रपटा पुल के पास बाघ ने हमला दिया।
.....................................
छात्रों के दो गुटों के बीच संघर्ष
ललितपुर. राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मसौरा कला में उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलेज में शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के दो गुटों में संघर्ष शुरू हो गया। दोनों ही तरफ से लाठी-डंडे पत्थर आदि चले, जिसमें लगभग आधा दर्जन छात्र चोटिल हो गये, जिसमें एक छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर मोर्चा संभाला तथा पुलिस और विद्यालय प्रशासन के हस्तक्षेप से दोनों ही गुटों में समझौता कर दिया। किसी छात्र पर कोई मामला पंजीकृत नहीं किया गया है। पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रशासन ने किसी भी छात्र का नाम बताने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने मिलकर दोनों ही गुटों के छात्रों से एक राजीनामा भी लिखवाया।