
SP Congress Alliance: समाजवादी पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने के बाद कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर विवाद बढ़ गया है। सहारनपुर की दो सीटों पर सपा के प्रत्याशी घोषित होने से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद नाराज हो गए हैं। उन्होंने सपा की बातचीत के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ गठबंधन को लेकर चर्चा हो रही है और दूसरी तरफ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। इस मामले में अब पार्टी के भीतर आगे की रणनीति पर फैसला होगा।
लखनऊ में सपा की उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एक तरफ समाजवादी पार्टी के साथ सीटों को लेकर बातचीत चल रही थी और दूसरी तरफ उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए गए। इससे गठबंधन को लेकर सपा की गंभीरता पर सवाल खड़े होते हैं। इमरान मसूद ने कहा कि अब इस पूरे मामले पर कांग्रेस अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेगी और तय करेगी कि आगे बातचीत जारी रखनी है या नहीं। इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी ही लेगी।
उन्होंने कहा कि जब उनके खिलाफ ही उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं तो यह समझ नहीं आ रहा कि सपा उनसे मुकाबला करना चाहती है, कांग्रेस से या भाजपा से। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह तय होना चाहिए कि चुनाव में भाजपा से लड़ना है या गठबंधन के साथी दलों से।
सपा की उम्मीदवार सूची जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि अपने बड़े भाई से गजब गठबंधन बनाये हैं। बात चल रही है और बिना कुछ तय हुए प्रत्याशी भी घोषित कर दिए। कांग्रेस से गठबंधन फाइनल नहीं हुआ, सीटों का बंटवारा नहीं हुआ, लेकिन टिकट बांटने की ऐसी हड़बड़ी कि स्पेशल 26 की सूची पकड़ा दी। साथ ही सहारनपुर में भी दो सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए, जहां कांग्रेस के इमरान मसूद अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं।
ओपी राजभर ने कहा कि उधर कांग्रेस को 26 सीटों का संदेश भेज रहे हैं, इधर उसकी पसंद वाली सीटों पर अपने उम्मीदवार बैठा रहे हैं। एक तरफ गठबंधन बचाने की चिंता और दूसरी तरफ अपना राजनीतिक समीकरण बचाने की बेचैनी। उन्होंने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी देखकर इतनी घबराहट हो गई कि पहली ही सूची में पांच में चार मुस्लिम उम्मीदवार उतार दिए।