
Imran Masood Ashu Malik Argument Video: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक आशु मलिक के बीच तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इमरान मसूद ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक सामान्य बातचीत थी और दोनों के बीच कोई बड़ा विवाद नहीं है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सांसद इमरान मसूद ने कहा कि बैठक में कोई झगड़ा या मुद्दा नहीं था। उन्होंने बताया कि वे बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे, इसलिए यह उनकी जिम्मेदारी थी कि सभी जनप्रतिनिधियों को बोलने और अपनी बात रखने का अवसर मिले। इमरान मसूद के अनुसार, उन्होंने कहा था कि एक जनप्रतिनिधि को पहले अपनी बात खत्म करने दी जाए, जिसके बाद दूसरे सदस्य अपना मुद्दा उठा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक आशु मलिक द्वारा उठाए गए सवाल का समाधान और स्पष्टीकरण उन्हें एक हफ्ते के भीतर मिल जाएगा।
इमरान मसूद ने सपा विधायक आशु मलिक को अपना दोस्त बताया और कहा कि इस घटना से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि दिशा की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होना सामान्य बात है और विधायक आशु मलिक ने भी बैठक में खुलकर अपनी बात रखी।
उल्लेखनीय है कि सहारनपुर में आयोजित इस बैठक के दौरान नाली निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर इमरान मसूद और आशु मलिक के बीच नोकझोंक देखने को मिली थी, जिसमें सपा सांसद इकरा हसन भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान आशु मलिक क्षेत्र की जनता से जुड़े कुछ सवाल उठाना चाहते थे। इसी दौरान इमरान मसूद ने बैठक की प्रक्रिया और नियमों का हवाला देते हुए उनसे अनुमति लेकर बोलने को कहा। इस पर दोनों नेताओं के बीच बहस बढ़ गई। मसूद ने आपत्ति जताते हुए कहा कि बैठक में सभी लोगों को बोलने का मौका मिलना चाहिए। वहीं आशु मलिक का कहना था कि वह जनता से जुड़े सवाल ही सामने रख रहे हैं और उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार है। मामला बढ़ने पर इमरान मसूद ने कहा कि बैठक नियमों के मुताबिक चलेगी और चेयर की अनुमति के बिना सवाल नहीं पूछे जा सकते। जवाब में मलिक ने कहा कि यह कोई आधिकारिक रैली नहीं है, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए बैठक है।