लखनऊ

ऊर्जा मंत्री का दावा : यूपी के इतिहास में भीषण गर्मी में अब तक सर्वाधिक 25,384 मेगावाट विद्युत आपूर्ति हुई, ट्वीट कर कर्मचारियों को दी बधाई

Power Supply In Up : यूपी के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बढ़ती हुई जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए सजग रहे। इसके साथ ही जनता की सेवा में ढ़िलाई न की जाए। उन्होंने विद्युत व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।  
2 min read
• •
Updated: 15 May 2022, 10:19 PM IST
ak_sharma.jpg

Power Supply In Up : प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री एक शर्मा ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में और खुद के प्रयासों से भीषण गर्मी एवं उमस से लोगों को राहत देने के लिए विद्युत कार्मिकों के अथक परिश्रम से प्रदेश के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक 25,384 मेगावाट विद्युत आपूर्ति की गई। उन्होंने कहा कि प्रचंड गर्मी के कारण विद्युत मांग बढ़ती जा रही है। जिसको पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है और प्रदेश के सभी क्षेत्रों को निर्धारित शेड्यूल के अनुरूप विद्युत आपूर्ति की जा रही है। ऊर्जा मंत्री ने ट्वीट कर बिजली कर्मचारियों को बधाई दी है।

सभी स्रोतों से बिजली लेने की कोशिश

ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि इस वर्ष शुरुआत से ही प्रचंड गर्मी पड़ रही है। मई माह में ही पीक ऑवर्स जैसी बिजली की मांग पहली बार हुई है, जिसको पूरा करने के लिए सभी स्रोतों से बिजली लेने की कोशिश की जा रही है।

अधिकारी-कर्मचारी बधाई के पात्र

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। जिसके लिए ऊर्जा विभाग के अधिकारी व कर्मचारी इस ऐतिहासिक कार्य के लिए अथक परिश्रम कर रहे हैं। जिसके लिए वे सभी बधाई के पात्र हैं। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि बिजली की बढ़ती हुई मांग की इस चुनौती को पूरा करने के लिए अपने सभी सहयोगियों से तत्परता से कार्य करने की अपील की है।

देश हित के लिए बिजली बचाएं

इसके साथ ही उन्होंने देश एवं समाज हित में बिजली बचाने के लिए लोगों से भी अपील की है। उन्होंने कहा है कि आवश्यकतानुरूप ऊर्जा का उपयोग करके ही हम एक समृद्ध राष्ट्र व समाज का निर्माण कर सकते हैं।

समस्या का तुरंत निदान हो

ऊर्जा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बढ़ती हुई जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए सजग रहे और जनता की सेवा में ढ़िलाई न की जाए। उन्होंने विद्युत व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने और जहां कहीं भी व्यवधान आये, उसे तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए हैं।

Published on: