
UP Politics: उत्तर प्रदेश सरकार मेंमंत्री दानिश आजाद अंसारीने 30 सितंबर को प्रस्तावित INDIA ब्लॉक की बैठक को लेकर विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने INDIA गठबंधन को ‘डूबता हुआ जहाज’ बताते हुए कहा कि इसका कोई भविष्य नहीं है। रिपोर्टों के मुताबिक, विपक्षी गठबंधन की प्रस्तावित बैठक में चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
लखनऊ में दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि INDIA गठबंधन को सबसे पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह किस दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन में शामिल दल कई अहम मुद्दों पर अलग-अलग रुख अपनाते रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि कई मौकों पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिलते हैं। इसी तरह कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच भी अलग-अलग मुद्दों पर मतभेद सामने आते रहे हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी को लेकर भी गठबंधन के घटक दलों के बीच मतभेद होने की बात कही।़
दानिश आजाद अंसारी ने आरोप लगाया कि INDIA गठबंधन का गठन व्यक्तिगत और राजनीतिक हितों को साधने के उद्देश्य से किया गया है। उनके मुताबिक, इस गठबंधन का जनता से जुड़े मुद्दों से पर्याप्त सरोकार नहीं है।
उन्होंने गठबंधन की तुलना कमजोर नींव पर बनी इमारत से करते हुए कहा कि जिसकी नींव कमजोर हो, उसकी मजबूती पर शुरुआत से ही सवाल खड़े होते हैं।
चुनाव आयोग को लेकर विपक्षी दलों की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी दानिश आजाद अंसारी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
SIR को लेकर उन्होंने कहा कि इसके जरिए मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने दावा किया कि जिन राज्यों में SIR के बाद चुनाव हुए, वहां मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है।
मंत्री ने कहा कि विपक्ष इस प्रक्रिया को लेकर चिंतित है, जबकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों से प्रभावित नहीं हो रही है।
दानिश आजाद अंसारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से कांग्रेस को लेकर दिए गए बयानों का भी समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के विकास को प्रभावित किया और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया।
उन्होंने SIR को लेकर कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपने मूल एजेंडे से भटक गई है और उसका ध्यान राजनीतिक लाभ हासिल करने पर केंद्रित है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि जिस राजनीतिक दल का मुख्य उद्देश्य किसी एक नेता को स्थापित करना हो, उससे देश के विकास को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को जनता से जुड़े मुद्दों और अपनी राजनीतिक दिशा को लेकर स्पष्ट रुख सामने रखना चाहिए।