
Satyawati Mishra News: पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ भाजपा नेता कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का 79 साल की उम्र में निधन हो गया। नोएडा के मेट्रो अस्पताल में करीब एक हफ्ते से उनका इलाज चल रहा था। शनिवार रात करीब 1 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन के समय कलराज मिश्र, उनकी बेटी, बेटा और रिश्तेदार अस्पताल में मौजूद थे। सत्यवती मिश्रा के निधन की पुष्टि अंडमान निकोबार के उप राज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने एक्स पर पोस्ट करके की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी।
अंडमान निकोबार के उप राज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने रविवार सुबह सत्यवती मिश्रा के निधन पर एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि अत्यंत दुखद समाचार है कि पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की अर्धांगिनी सत्यवती मिश्रा, हम सब की चाची जी अब नहीं रहीं, निष्कपट धर्म परायण और सब की चिंता करने वाली आप एक ऐसी ग्रहणी थीं, जो घर में आने वाले हर व्यक्ति को बराबर का सम्मान देती थीं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें।
सत्यवती मिश्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कुछ दिनों पहले नोएडा सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां करीब एक हफ्ते से उनका इलाज चल रहा था। शनिवार को उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक भी उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे थे। ब्रजेश पाठक ने मेट्रो अस्पताल में कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा से मुलाकात की थी। उन्होंने उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और डॉक्टरों से इलाज तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली थी।
सत्यवती मिश्रा के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी का निधन अत्यंत दुखद है, विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
कलराज मिश्र भाजपा के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वह प्रदेश सरकार में मंत्री रहने के अलावा केंद्र सरकार में भी अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने कई राज्यों के राज्यपाल के रूप में भी सेवाएं दी हैं। सत्यवती मिश्रा के निधन से परिवार में शोक का माहौल है। उनके निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की ओर से भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
कलराज मिश्र भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वह उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। साल 2012 में लखनऊ पूर्व से विधायक और 2014 में देवरिया से लोकसभा सांसद चुने गए। भाजपा सरकार में उन्होंने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के मंत्री के रूप में काम किया। 15 जुलाई 2019 को उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया। इसके बाद सितंबर 2019 में राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया। उन्होंने 30 जुलाई 2024 तक इस पद पर काम किया। कलराज मिश्र का जन्म गाजीपुर के मलिकपुर गांव में हुआ था। वह साल 1955 में RSS से जुड़े थे।