मैं कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा- चुनाव नहीं लड़ूंगा-कल्याण
लखनऊ। राजस्थान के पूर्व राज्यपाल, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सोमवार को लखनऊ आए तो उनके स्वागत में शहर में जो होर्डिंग लगाए गए उसमें उन्हें हिन्दू सम्राट लिखा गया था। एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक पहुंचने में कल्याण को करीब साढ़े तीन घंटे लगे। जगह जगह उनका स्वागत किया गया। भाजपा कार्यालय में सदस्यता ग्रहण करने के बाद कल्याण ने अपने आवास पर कहा कि राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए। यह करोड़ों हिन्दुओं की आस्था का सवाल है। विपक्ष से उन्होंने मांग की कि मंदिर निर्माण पर विपक्ष अपना रुख साफ करे।
कल्याण ने मंदिर निर्माण पर विपक्ष को घेरा
दो मालएवेन्यु स्थित संदीप सिंह के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कल्याण सिंह ने राम मंदिर के मुद्दे पर जमकर अपनी बात की। उन्होंने कहा कि भाजपा ही नहीं सम्पूर्ण हिन्दू समुदाय राम मंदिर निर्माण के पक्ष में है, वह इस विषय पर राजनीति नहीं करना चाहते हैं। राम मंदिर करोड़ों हिन्दुओं की आस्था का विषय है। लेकिन विपक्ष अपनी स्थिति साफ करे, अयोध्या में वहां पर मंदिर निर्माण किया जाए अथवा नहीं।
अपनी स्थिति कर दी साफ
कल्याण सिंह ने इस मौके पर अपनी स्थिति साफ कर दी। उन्होंने कहा कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे। वह एक कार्यकर्ता की तरह यहां आए हैं और कार्यकर्ता की तरह ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा में रहकर वह जन सेवा के लिए यहां पर पुना: आए हैं। राजनीति के माध्यम से वह जनता की सेवा करेंगे।
वरिष्ठ होने के बाद पार्टी में पोर्टफोलियो की जरूरत नहीं
कल्याण सिंह ने कहा कि वह जनता की सेवा करने आए हैं न कि पार्टी में कोई पद हासिल करने। वह न चुनाव लड़ेंगे और न ही पार्टी के किसी पद पर काम करेंगे। उन्होंने केन्द्रीय नेतृत्व और प्रदेश के योगी व स्वतंत्रदेव सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने अद्भुद तरीके से अपना काम करके दिखाया है। इसके बाद कल्याण सिंह ने सुनील बंसल की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक अच्छे इंजीनियर हैं।