बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर में कोरोना वायरस की पुष्टि के बाद राजधानी लखनऊ में हड़कंप मच गया है।
लखनऊ. बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर में कोरोना वायरस की पुष्टि के बाद राजधानी लखनऊ में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि वह लंदन से लौटने के बाद लखनऊ की बड़ी हाई प्रोफाइल पार्टी में शामिल हुई थी, जिसमें कई नामी राजनेता, ब्यूरोक्रेट, रिटायर्ड जज, मंत्री व उनके परिवार के लोग भी शामिल हुए थे। इनमें स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह का नाम भी शामिल हैं, जिन्होंने इसकी जानकारी होते ही खुद का टेस्ट भी कराया है। पार्टी में उनकी पत्नी भी शामिल थीं। हालांकि कनिका ने एक मीडिया चैनल से बातचीत में इस बात को खारिज किया है कि वह किसी पार्टी में शामिल हुई थी। तो वहीं उनके पिता का कहना है कि कनिका पार्टी में गई थीं और उसमें 300 से 400 लोग मौजूद थे।
यह लोग भी थे पार्टी में शामिल-
कोरोना होने की पुष्टि खुद कनिका कपूर ने इंस्टाग्राम पर की है। वह केजीएमयू के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती कराई गई हैं। तो परिवार को क्वारंटाइन में रखा गया है। कहा जा रहा है कि कनिका कपूर ने लखनऊ में 13,14 और 15 लगातार तीन दिन तक पार्टी की। अकबर अहमद डम्पी के घर पर पार्टी रखी गयी थी। इसमें राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा के बेटे दुष्यंत सिंह भी शामिल थे। कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद भी पार्टी में गए थे।
यह एरिया किए गए सील-
इसी के चलते लखनऊ के खुर्रमनगर, विकासनगर, अलीगंज, महानगर, गुडंबा, इंदिरानगर के एरिया सील कर दिया गया है। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने आदेश जारी कर इन क्षेत्रों को 23 मार्च अथवा अगले आदेश तक बंद करने की बात कही है। इसमें प्रतिष्टित संस्थान, मेडिकल स्टोर, पैथोलॉजी, रोजमर्रा की जरूरत वाली चीजें जैसे दूध, अनाज की दुकानें खुली रहेंगी। इसी के साथ ही लखनऊ के सभी रेस्ट्रा, काफी, चाय स्टाल भी बंद कर दिए गए हैं।