
गोरखपुर हादसे को लेकर अखिलेश का योगी सरकार पर हमला (PC: X/@yadavakhilesh)
Akhilesh Yadav on Gorakhpur JCB Accident: गोरखपुर सड़क हादसे के मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर प्रदेश सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर विरोध जताया है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया है कि, गोरखपुर हादसे के मामले में PDA समाज के 4 कार्यकर्ताओं शिवांग निषाद, नरसिंह यादव, राहुल यादव और वीरेंद्र यादव को झूठे आरोपों में जेल भेज दिया गया है। सपा प्रमुख ने इस कार्रवाई को दुखद और निंदनीय बताते हुए माननीय न्यायालय से मामले का स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि, गोरखपुर हादसे के इस प्रकरण में वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं, इसके बावजूद अन्याय और उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने इस कदम को अत्यंत निंदनीय करार देते हुए कहा कि न्यायपालिका को इस मामले में स्वतः संज्ञान लेना चाहिए और पूरे प्रकरण की जांच करानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इससे पहले आज यानी शुक्रवार सुबह भी अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक लंबा बयान जारी कर गोरखपुर हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी और शासन-प्रशासन पर जमकर निशाना साधा था। सपा अध्यक्ष ने दावा किया था कि CCTV वीडियो के सामने आने से हादसे की हकीकत उजागर हो चुकी है और इसी हताशा में अब PDA कार्यकर्ताओं के घर परिवार को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से इस कथित नाइंसाफी से न डरने की अपील करते हुए दावा किया था कि प्रदेश सरकार के पास अब केवल 2-3 महीनों का समय बचा है और चुनावी हार की आशंका के चलते इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।
अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरशाही और पुलिस महकमे में कुछ गिने-चुने अधिकारियों के सहारे अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि बुलडोजर की कार्रवाई, थानों की कार्यशैली और हिरासत से जुड़े मामलों को लेकर प्रदेश की जनता में आक्रोश है और आने वाले चुनाव में कानून-व्यवस्था का मुद्दा असर डालेगा।
आरोप है कि बीते बुधवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की PDA रथयात्रा वाले दिन फूल बरसाने वाली JCB की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों ने रोड शो के पीछे आ रही JCB पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा के दौरान इस हादसे के लिए समाजवादी पार्टी को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन को दोषियों को ढूंढकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। वहीं, अखिलेश यादव ने घटना का CCTV वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री के आरोपों को निराधार बताया और अब गिरफ्तारियों के विरोध में न्यायालय से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
संबंधित विषय:
Updated on:
20 Nov 2026, 7:01 PM IST
Published on:
20 Nov 2026, 6:40 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश




