
Karwa Chauth 2024: 20 अक्टूबर को करवाचौथ मनाया जाएगा। इस दिन सुहागिन महिलाऐं अपने पति के लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। इस बार का करवाचौथ सुहागिनों के लिए कड़ी परीक्षा लेकर आया है। साल 2024 के करवाचौथ में व्रत तोड़ने के लिए महिलाऔं को करीब 13 घंटे तक चांद के दीदार की इंतजार करना होगा। आइए जानते हैं कि आपके शहर में चांद का दीदार कब होगा…
करवाचौथ का व्रत कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को रखा जाता है। वाराणसी के पंडित सनत त्रिपाठी मनू जी महाराज ने बताया कि इस साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि की शुरुआत 20 अक्टूबर रविवार को सुबह 6.46 बजे से अगले दिन 21 अक्टूबर को सुबह 4.16 बजे तक रहेगी। ऐसे में करवा चौथ का व्रत 20 अक्टूबर यानी रविवार को रखा जाएगा।
वाराणसी के पंडित सनत त्रिपाठी मनू जी महाराज बताते हैं कि कि करवाचौथ का व्रत रखने वाली सुहागिन महिलाएं सुबह स्नान-ध्यान कर सुख सौभाग्य का संकल्प करते हुए व्रत रखती हैं। इस दिन महिलाएं सोलह शृंगार करती हैं। शाम को शिव, गौरी, गणेश जी का पूजन और करवा की कथा सुनती हैं। चांद के दीदार के बाद ही व्रत को पूरा माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि चंद्रमा को मन का कारक माना गया है। उन्होंने बताया कि आयु, यश और समृद्धि का प्रतीक भी चंद्रमा है और इस बार चंद्रमा अपनी उच्च राशि में है।
वाराणसी के पंडित सनत त्रिपाठी मनू जी महाराज के अनुसार इस बार करवाचौथ पर भद्रा का साया केवल 20 मिनट तक का रहेगा। यह भद्रा काल सुबह 6.48 बजे तक रहेगा। इसका करवाचौथ पर कोई प्रभाव नहीं है। ऐसे में व्रती सूर्योदय से पहले स्नान कर सरगी ग्रहण कर लें और व्रत का संकल्प ले लें।