
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण के चुनाव के लिए वोटिंग कल होनी है, जिसको लेकर पुलिस विभाग तमाम तरह के सुरक्षा के दावे ठोक रहा था। लेकिन वोटिंग से चंद घंटे पहले राजधानी के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में केजीएमयू से रिटायर बुर्जुग महिला की निर्मम हत्या ने सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। दिनदहाड़े घर में घूसकर अंजाम दी गई निर्मम हत्या की वारदात से इलाके में हकड़ंम मच गया है। वहीं पुलिस, फॉरेंसिक व अन्य टीमें मौके पर पहुंच गई है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा रहा है।
घर में अकेले रहती थी बुर्जुग
थाना प्रभारी डीके शाही के मुताबिक मृतका की पहचान 65 वर्षीय लूसी सिंह के रुप में हुई है। जो कि फेज दो त्रिमुर्तिनगर में रहती थी। लूसी सिंह किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के स्टाफ नर्स की पोस्ट से रिटायर हुई थी। इनके दो बेटे आकाश और अभिषेक है। आकाश दिल्ली में नौकरी करता है। वहीं अभिषेक लखनऊ में नौकरी करता है, लेकिन वह अलग रहता है। लूसी के पति की कुछ समय पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
सिर पर वार और गला काटा
मृतका के बेटे आकाश ने फोन पर बताया कि मां अकेले लखनऊ स्थित घर में रहती थी। शनिवार दिनदहाड़े किसी ने उनकी बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी। पीछे से उनके सिर पर वार किया गया और चाकू से गला रेत हत्या कर दी गई।
लूट के इरादे से हत्या की आशंका
इंस्पेक्टर डीके शाही के मुताबिक प्रारम्भिक जांच में ऐसे प्रतीत हो रहा है कि लूट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि भारी चीज से लूसी के सिर पर पीछे से वार किया गया है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।
घर में बिखरे पड़े थे सिक्के
मृतका के बेटे के एक करीबी दोस्त ने बताया कि घर में शव से काफी दूर तक खून के धब्बे फैले हुए थे। ऐसा लग रहा था कि हत्या के बाद शव को जमीन पर घसीटा गया हो। वहीं घर के अंदर काफी सिक्के बिखरे पड़े थे।
मजदूरों पर शक की सूई
बताया जा रहा है कि लूसी पर ईंट से हमला किया गया है। उनके घर के आस-पास काम भी चल रहा है। संभवता किसी मजदूर ने उन्हें घर में अकेला रहता देख लूट के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया होगा।