लखनऊ

खेत में काम करते 6 लोगों पर तेंदुए का हमला, मुश्किल से बची जान

तेंदुए के हमले से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

2 min read
Dec 15, 2022

महराजगंज जिले में बुधवार को एक तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में 6 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी रतनपुर में भर्ती कराया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। यह मामला महराजगंज के नौतनवां के रामनगर गांव का है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जब तेंदुए के हमले की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस तत्काल पहुंचने के बजाय करीब 1.5 घंटे के देर से पहुंची।

हमला करने के बाद तेंदुआ डूड़ी नाले के पास छिप गया

बुधवार दोपहर 1 बजे रामनगर के टोला मरचहवा रहने वाले मुन्नर खेत में काम कर रहे थे। उसी समय अचानक जंगल से तेंदुआ निकलकर उनपर हमला कर दिया। पास में खेत में काम कर रही मुन्नर की पत्नी बरसात देवी बचाव के लिए चिल्लाते हुए बाल्टी लेकर तेंदुए को मारने के लिए दौड़ पड़ीं। दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। वहीं आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान बरखू, बकरी चरा रही फूरतल्ली, रंजीत सहानी, खुशलैन भी तेंदुए के हमले में घायल हो गए।

ग्रामीणों पर हमला करने के बाद तेंदुआ डूड़ी नाले के पास छिप गया। इसके बाद गांव के लोग इकट्ठा हो गए और हल्ला मचाकर भगाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच अचानक से तेंदुए ने निकलकर साधू सहानी को घायल कर दिया। इससे ग्रामीणों में दशहत का माहौल बना हुआ है।

खेत में अकेले न जाएं: वन विभाग अधिकारी

वन विभाग के अधिकारी रामबरन यादव ने बताया कि टीम मौके पर पहुंच गई है। तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। गांव के लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा ग्रामीणों को कहा गया है कि अकेले खेत की तरफ न जाएं।

Updated on:
15 Dec 2022 12:41 pm
Published on:
15 Dec 2022 12:40 pm
Also Read
View All