
लखनऊ. UP Jila panchayat Adhyaksh result उत्तर प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के परिणाम को देखकर बुरी तरह नाराज समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भड़कते हुए कहाकि, भाजपा सरकार ने सत्ता का दुरुपयोग किया है। यूपी के 75 जिला पंचायत अध्यक्ष में समाजवादी पार्टी के सिर्फ पांच ही जीत सके।
लोकतांत्रिक मान्यता तार तार :- सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहाकि, जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में आज सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी ने सभी लोकतांत्रिक मान्यताओं का तिरस्कार करते हुए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव को एक मजाक बना दिया है। जिस तरह से सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग हुआ है, यह लोकतंत्र में बेहद चिंता का विषय है। सत्तारूढ़ दल ने आज भी सभी लोकतांत्रिक मान्यता तथा मर्यादाओं को तार-तार कर दिया।
सत्ता का ऐसा बदरंग चेहरा कभी नहीं देखा :- अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सत्ता का ऐसा बदरंग चेहरा कभी नहीं देखा गया। भाजपा ने किसी भी कीमत पर अपनी हार को जीत में बदलने के लिए मतदाताओं के अपहरण, उनको मतदान से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन के सहारे बल प्रयोग किया। इतना ही नहीं जबर्दस्ती हेल्पर देकर अपने पक्ष में मतदान करा लिया। भाजपा की इस धांधली का विरोध करने पर समाजवादी कार्यकर्ताओं से दुर्व्यवहार किया गया। ऐसा लग रहा था जैसे जनादेश के अपहरण के किए भाजपा सरकार नंगा नाच करने पर उतारू है।
धांधली करके बहुमत में आ गई भाजपा :- सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल करते हुए कहाकि, यह अजीब बात है कि जहां जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में ज्यादातर परिणाम समाजवादी पार्टी के पक्ष में आए थे। भाजपा की बुरी हार हुई थी, वहीं अब जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में भाजपा सत्ता के बल पर धांधली करके बहुमत में आ गई है। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत भी सामने आई है।
सख्त कार्यवाही होगी :- अफसरों को चेताते हुए अखिलेश यादव ने कहाकि, प्रशासनिक अधिकारियों को याद रखना चाहिए कि सेवा नियमावली का उल्लंघन करते हुए किस भी प्रकार से सत्ता दल के पक्ष में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।