लखनऊ

Inside Storty: खड़ी कार से आ रही थी बदबू! दरवाजा खुलते ही नजर आई लाश; लखनऊ में फाइनेंस कर्मी की हत्या या हादसा?

Dead Body Found in Car: उत्तर प्रदेश के लखनऊ के आशियाना इलाके में तीन दिन से सड़क किनारे खड़ी एक कार से फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रायबरेली निवासी 36 वर्षीय ज्ञानेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। पढ़िए पूरी इनसाइड स्टोरी
2 min read
Aug 07, 2026
lucknow ashiyana car body case raebareli fintech employee
कार में मिली लाश। फोटो सोर्स-X (@FarhanIrakee)

Dead Body Found in Car Lucknow: उत्तर प्रदेशकी राजधानी लखनऊ में एक बार फिर संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की घटना ने सनसनी फैला दी। आशियाना थाना क्षेत्र के सालेह नगर चौराहे के पास पिछले 3 दिनों से लावारिस खड़ी एक कार से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा खुलवाया तो पीछे की सीट पर एक युवक का सड़ा-गला शव पड़ा मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान रायबरेली निवासी एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

3 दिन से सड़क किनारे खड़ी थी कार

पुलिस के अनुसार, आशियाना क्षेत्र के सालेह नगर चौराहे के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार (UP 33 BB 8989) पिछले 3 दिनों से खड़ी थी। गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे स्थानीय लोगों ने कार से लगातार आ रही दुर्गंध की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंदर से लॉक कार का दरवाजा खुलवाया। तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट पर एक युवक मृत अवस्था में मिला।

आई-कार्ड से हुई मृतक की पहचान

कार की तलाशी के दौरान पुलिस को एक आई-कार्ड मिला। उस पर दर्ज जानकारी और संपर्क नंबर के आधार पर मृतक की पहचान रायबरेली के निराला नगर निवासी 36 वर्षीय ज्ञानेन्द्र सिंह के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, ज्ञानेन्द्र सिंह लखनऊ के देवीखेड़ा इलाके में किराये के मकान में रहते थे और एक निजी डिजिटल लेंडिंग (फिनटेक) कंपनी में कार्यरत थे।

ढाई साल की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया

पुलिस ने वाहन नंबर और अन्य माध्यमों से मृतक के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। बताया गया कि ज्ञानेन्द्र सिंह शादीशुदा थे और उनकी ढाई साल की एक बेटी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य लखनऊ पहुंच गए।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों की जांच

पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि कार को वहां कब और किसने खड़ा किया। इसके अलावा वाहन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी घटना की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कार और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह

आशियाना थाना प्रभारी के अनुसार, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
07 Aug 2026 02:27 pm
Published on:
07 Aug 2026 02:21 pm