
चलती कार में आग लगने से 32 साल के युवक की जिंदा जलकर मौत (X Photo Sachin Kashyap)
Lucknow Car Fire: लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) इलाके में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में चलती कार में आग लगने से 32 साल युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी भीषण थी कि चालक कार से बाहर नहीं निकल सका। दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ड्राइविंग सीट पर केवल कंकाल बचा था। पुलिस ने मृतक की पहचान कार के रजिस्ट्रेशन के आधार पर अलमाश के रूप में की है। फिलहाल पुलिस हादसे और हत्या, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
घटना गुरुवार रात करीब 11:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरैया मोड़ के पास चल रही कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कोई कार के पास नहीं पहुंच सका।
सूचना मिलते ही बीकेटी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग बुझाने के बाद जब कार का दरवाजा खोला गया तो ड्राइविंग सीट पर युवक का पूरी तरह जला हुआ शव मिला। हालत इतनी खराब थी कि सीट पर केवल कंकाल दिखाई दे रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए वाहन मालिक का पता लगाया। पुलिस के अनुसार, कार खुर्रमनगर निवासी हमीदुल के बेटे अलमाश (32) के नाम पर पंजीकृत है। परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि कार में मौजूद युवक अलमाश ही था। पुलिस अब परिजनों से पूछताछ कर रही है।
एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार में आग कैसे लगी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के साथ सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। कार में आग लगने की असली वजह फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि आग किसी तकनीकी खराबी से लगी या इसके पीछे कोई और कारण था।
पुलिस का कहना है कि मृतक के परिवार से भी जानकारी जुटाई जा रही है। युवक देर रात कहां से आ रहा था, किससे मिला था, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।
Updated on:
07 Aug 2026 01:18 pm
Published on:
07 Aug 2026 12:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
